मांडा में सनसनीखेज वारदात: पत्नी की पीट-पीटकर हत्या का आरोप, आरोपी हिरासत में

मांडा में सनसनीखेज वारदात: पत्नी की पीट-पीटकर हत्या का आरोप, आरोपी हिरासत में

आदर्श सहारा टाइम्स

मांडा, प्रयागराज। मांडा थाना क्षेत्र के भैरोपुर गांव में मंगलवार सुबह एक सनसनीखेज घटना सामने आने से इलाके में हड़कंप मच गया। ग्रामीणों से मिली प्रारंभिक जानकारी के अनुसार अनिल कुमार गुप्ता पुत्र मुंशीलाल गुप्ता, निवासी भैरोपुर, पोस्ट भारतगंज, तहसील मेजा, थाना मांडा, जनपद प्रयागराज पर अपनी तीसरी पत्नी की लाठी-डंडे व बैठ (लकड़ी के डंडे) से पीटकर हत्या करने का गंभीर आरोप लगा है।
बताया जा रहा है कि आरोपी ने तीसरी शादी मध्य प्रदेश में की थी। ग्रामीणों के अनुसार मंगलवार 8 सितंबर 2026 की सुबह किसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ। आरोप है कि विवाद के दौरान अनिल कुमार गुप्ता ने अपनी पत्नी के साथ मारपीट शुरू कर दी और लाठी-डंडे से बुरी तरह पीट दिया। गंभीर चोट लगने से महिला की घर के अंदर ही मौत होने की बात सामने आ रही है।
घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोगों में सनसनी फैल गई। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच-पड़ताल शुरू कर दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। घटना के वास्तविक कारण और हत्या की परिस्थितियों का पता लगाने के लिए पुलिस द्वारा पूछताछ एवं जांच की जा रही है।
ग्रामीणों ने बताए पुराने विवादों के भी मामले
ग्रामीणों और आसपास के लोगों से मिली जानकारी में आरोपी के संबंध में कई गंभीर आरोप सामने आए हैं। हालांकि इन पुराने मामलों की आधिकारिक पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी।
ग्रामीणों का दावा है कि करीब 8-10 वर्ष पहले आरोपी ने अपने दादा के साथ लाठी-डंडे से मारपीट की थी, जिसमें उनकी मौत हो गई थी। इसके अलावा ग्रामीणों द्वारा यह भी बताया जा रहा है कि आरोपी की पहली पत्नी की भी संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हुई थी। आरोप है कि पहली पत्नी की हत्या घर के अंदर करने के बाद शव को रेलवे ट्रैक के पास रख दिया गया था।
इसके बाद आरोपी ने दूसरी शादी की, लेकिन कुछ ही समय बाद दूसरी पत्नी के साथ भी कथित रूप से मारपीट और प्रताड़ना शुरू हो गई। ग्रामीणों के अनुसार लगातार प्रताड़ना के कारण दूसरी पत्नी दोबारा अपने ससुराल नहीं आई।
अब तीसरी पत्नी की हत्या के आरोप के बाद गांव में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। ग्रामीण पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और पुराने मामलों की भी जांच किए जाने की मांग कर रहे हैं।
फिलहाल मांडा पुलिस की जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि महिला की मौत किन परिस्थितियों में हुई और घटना के पीछे वास्तविक कारण क्या था। पुलिस द्वारा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई किए जाने की संभावना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *