बस की टक्कर से बाइक सवार गंभीर रूप से घायल,शहर रेफर 

बस की टक्कर से बाइक सवार गंभीर रूप से घायल,शहर रेफर

आदर्श सहारा टाइम्स

मांडा, प्रयागराज। मांडा क्षेत्र अंतर्गत एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा उस समय हुआ जब सवारी से भरी एक बस और बाइक की आमने-सामने टक्कर हो गई। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जुट गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, संजय कुमार पुत्र रामपति निवासी ग्राम मडार अपनी बाइक से किसी कार्य से मांडा खास की ओर जा रहे थे। इसी दौरान मांडा खास क्षेत्र में सामने से आ रही सवारी से भरी बस से उनकी बाइक की जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और संजय कुमार सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसे में संजय कुमार के एक पैर में गंभीर चोट आई है। दुर्घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और घायल को तत्काल उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल भेजा। चिकित्सकों ने उनकी हालत गंभीर देखते हुए बेहतर इलाज के लिए उच्च चिकित्सा केंद्र रेफर कर दिया।
हादसे के बाद कुछ समय के लिए सड़क पर यातायात भी प्रभावित रहा। सूचना मिलने पर मांडा पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटना की जानकारी जुटाई। पुलिस ने बस और बाइक को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी ।
स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में तेज रफ्तार वाहनों के कारण आए दिन सड़क दुर्घटनाएं हो रही हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से यातायात नियमों का कड़ाई से पालन कराने तथा दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए आवश्यक कदम उठाने की मांग की है।
इस दुर्घटना से घायल युवक के परिजनों में चिंता का माहौल है। फिलहाल पुलिस प्रशासन जांच पड़ताल में जुटी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *