मेजा क्षेत्र स्थित समहन गांव के कौस्तुभ तिवारी बने PDA के पैनल अधिवक्ता
आदर्श सहारा टाइम्स
मेजा ,प्रयागराज। मेजा क्षेत्र के समहन गांव निवासी युवा अधिवक्ता कौस्तुभ तिवारी पुत्र योगेश तिवारी को प्रयागराज विकास प्राधिकरण (PDA) की ओर से इलाहाबाद उच्च न्यायालय में प्राधिकरण का पैनल अधिवक्ता नियुक्त किया गया है। उनकी इस उपलब्धि से मेजा क्षेत्र में खुशी की लहर है।
कौस्तुभ तिवारी इलाहाबाद उच्च न्यायालय में संवैधानिक, दीवानी, वाणिज्यिक, कर, प्रशासनिक तथा मध्यस्थता से जुड़े मामलों की प्रभावी पैरवी के लिए जाने जाते हैं। उन्हें रिट याचिकाओं, भूमि एवं विकास संबंधी विवादों सहित अनेक जटिल विधिक मामलों का व्यापक अनुभव है।
उन्होंने महाराष्ट्र नेशनल लॉ यूनिवर्सिटी, नागपुर से बी.ए. एलएल.बी. (ऑनर्स) की शिक्षा प्राप्त की है। इलाहाबाद उच्च न्यायालय द्वारा उन्हें विभिन्न मामलों में एमिकस क्यूरी (Amicus Curiae) के रूप में भी नियुक्त किया जा चुका है। वर्तमान में वे कई सरकारी एवं निजी संस्थानों से जुड़े महत्वपूर्ण मामलों में विधिक प्रतिनिधित्व कर रहे हैं।
समहन गांव के युवा अधिवक्ता की इस उपलब्धि को मेजा क्षेत्र के लिए गौरवपूर्ण माना जा रहा है। स्थानीय लोगों ने उन्हें बधाई देते हुए कहा कि उनकी नियुक्ति से क्षेत्र के युवाओं को भी आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलेगी। अब वे प्रयागराज विकास प्राधिकरण की ओर से इलाहाबाद उच्च न्यायालय में विभिन्न मामलों की प्रभावी पैरवी करेंगे।
