आर0 के0 ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशन्स में शनिवार को शिक्षक दिवस हर्षाेल्लास एवं उत्साह के साथ मनाया गया
आदर्श सहारा टाइम्स
नैनी । आर0 के0 ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशन्स में शनिवार को शिक्षक दिवस के अवसर पर विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन हर्षाेल्लास एवं उत्साह के साथ किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत भारत के महान शिक्षाविद्, दार्शनिक एवं पूर्व राष्ट्रपति डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुई। भारत में प्रत्येक वर्ष 5 सितंबर को डॉ. राधाकृष्णन की जयंती के अवसर पर शिक्षक दिवस मनाया जाता है।
इस अवसर पर संस्थान के छात्र-छात्राओं ने अपने शिक्षकों के प्रति सम्मान एवं आभार व्यक्त करते हुए सांस्कृतिक कार्यक्रम, भाषण, कविता एवं विभिन्न मनोरंजक गतिविधियों का आयोजन किया। छात्रों ने कहा कि शिक्षक केवल पुस्तकीय ज्ञान ही नहीं देते, बल्कि वे विद्यार्थियों के व्यक्तित्व निर्माण, अनुशासन, संस्कार एवं उज्ज्वल भविष्य की नींव तैयार करते हैं।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए संस्थान के संस्थाध्यक्ष डॉ. आशुतोष त्रिपाठी ने सभी शिक्षकों को शिक्षक दिवस की शुभकामनाएं दीं एवं उन्होंने कहा कि शिक्षक समाज एवं राष्ट्र के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। एक योग्य शिक्षक विद्यार्थियों को सही दिशा प्रदान कर उन्हें अपने लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए प्रेरित करता है। वहीं प्रबन्ध निदेशक इंजी0 आशीष त्रिपाठी ने उन्हें स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया।
संस्थान के प्राचार्यों एवं शिक्षकों ने भी विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डाला तथा उन्हें निरंतर सीखने, अनुशासन बनाए रखने और अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के अंत में छात्र-छात्राओं ने सभी शिक्षकों के प्रति आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर आर0 के0 ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशन्स के समस्त शैक्षणिक एवं गैर-शैक्षणिक कर्मचारी तथा छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम सौहार्दपूर्ण एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।
