शिक्षक सम्मान समारोह का किया गया आयोजन
शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले 49 शिक्षकों को जिलाधिकारी ने प्रशस्ति पत्र एवं अंगवस्त्रम देकर किया सम्मानित
शिक्षक समाज एवं राष्ट्र के निर्माता होते है, बच्चों को सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ाने के लिए प्रेरित करते है-जिलाधिकारी
आदर्श सहारा टाइम्स
प्रयागराज । जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा की अध्यक्षता में शनिवार को संगम सभागार में भारत के द्वितीय राष्ट्रपति, महान शिक्षक एवं दार्शनिक डॉ० सर्वपल्ली राधाकृष्णन जी के जन्मदिवस के शुभ अवसर पर शिक्षक सम्मान समारोह का आयोजन माध्यमिक शिक्षा विभाग एवं बेसिक शिक्षा विभाग के संयुक्त तत्वाधान में संपन्न हुआ। इस अवसर पर संयुक्त शिक्षा निदेशक आर०एन० विश्वकर्मा, जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ० संतोष कुमार राय तथा जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अनिल कुमार एवं अन्य समवर्ती अधिकारियों के नेतृत्व में माध्यमिक शिक्षा विभाग के 25 एवं बेसिक शिक्षा विभाग के 24 शिक्षकों सहित कुल 49 शिक्षकों को शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने हेतु जिलाधिकारी के कर कमलो द्वारा प्रशस्ति पत्र एवं अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर जिलाधिकारी ने कहा कि शिक्षक एक व्यक्ति का ही नहीं बल्कि समाज एवं राष्ट्र का निर्माता होता है। एक शिक्षक ही है जो बच्चों को एक बेहतर सांचे में ढालकर उसको सकारात्मक दिशा में बढ़ाने के लिए प्रेरित करता है।
इस शिक्षक दिवस सम्मान समारोह के अवसर पर संयुक्त शिक्षा निदेशक आर०एन० विश्वकर्मा के द्वारा शिक्षकों को शुभकामनाएं देते हुए अपने अंदर शिक्षक के भाव को पैदा करने तथा शिक्षा व्यवस्था में गुणात्मक परिवर्तन लाने में अपनी अहम भूमिका को और मजबूती से जारी रखने के लिए कहा। अन्त में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अनिल कुमार द्वारा सभी का धन्यवाद ज्ञापित करते हुए शिक्षकों को अपने कर्तव्य एवं दायित्व तथा शिक्षक धर्म का अनुपालन करने सम्बन्धी प्रेरणादायी उद्बोधन दिया तथा राष्ट्रगान के उपरान्त कार्यक्रम का समापन किया गया।
