मेजा तहसील दिवस में आईं 262 शिकायतें, राजस्व विभाग के 6 मामलों का मौके पर निस्तारण
तहसीलदार के न होने से आय, जाति और निवास प्रमाण पत्र के लिए लोग परेशान
आदर्श सहारा टाइम्स
मेजा, प्रयागराज। मेजा तहसील परिसर में शनिवार को आयोजित तहसील दिवस में क्षेत्र के विभिन्न गांवों से बड़ी संख्या में फरियादी अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे। एसडीएम अजीत सिंह की मौजूदगी में कुल 262 शिकायतें प्राप्त हुईं। अधिकारियों ने फरियादियों की समस्याएं सुनीं और संबंधित विभागों को नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश दिए।
तहसील दिवस में भूमि विवाद, पैमाइश, कब्जा, रास्ता सहित अन्य जनसमस्याओं को लेकर बड़ी संख्या में शिकायतें पहुंचीं। इस दौरान राजस्व विभाग से संबंधित 6 मामलों का मौके पर ही निस्तारण किया गया, जिससे संबंधित फरियादियों को राहत मिली।
वहीं दूसरी ओर, तहसीलदार के मौजूद न होने के कारण तहसील में आय, जाति एवं निवास प्रमाण पत्र से संबंधित कार्यों के लिए लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। खासकर बच्चों के स्कूलों में प्रवेश के लिए आवश्यक आय, जाति और निवास प्रमाण पत्र बनवाने वाले अभिभावक परेशान नजर आए।
लोगों का कहना है कि स्कूलों और शिक्षण संस्थानों में प्रवेश के दौरान विभिन्न प्रमाण पत्रों की आवश्यकता होती है, लेकिन तहसील स्तर पर संबंधित कार्यों में देरी होने से बच्चों के प्रवेश की प्रक्रिया प्रभावित होने की चिंता बनी हुई है। अभिभावकों को प्रमाण पत्र बनवाने के लिए बार-बार तहसील के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं।
फरियादियों और अभिभावकों ने प्रशासन से मांग की है कि आय, जाति और निवास प्रमाण पत्र से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर कराया जाए, ताकि बच्चों के एडमिशन में किसी प्रकार की परेशानी न हो।
एसडीएम अजीत सिंह की मौजूदगी में आयोजित तहसील दिवस में जहां एक ओर लोगों ने अपनी समस्याएं अधिकारियों के सामने रखीं, वहीं तहसीलदार के अभाव में प्रमाण पत्रों से जुड़े कार्य प्रभावित होने की समस्या भी लोगों के बीच चर्चा का विषय बनी रही।
