सेंट पीटर्स स्कूल, छतवा, सिरसा में ‘नवरात्रि उत्सव – गरबा एवं डांडिया नाइट’ का भव्य आयोजन
आदर्श सहारा टाइम्स
मेजा। सेंट पीटर्स स्कूल, छतवा, सिरसा – प्रयागराज के प्रांगण में आज दिनांक 17 अक्टूबर 2026 को नवरात्रि के पावन अवसर पर ‘नवरात्रि उत्सव – गरबा एवं डांडिया नाइट’ का भव्य एवं रंगारंग आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य भारतीय संस्कृति, परंपराओं एवं नवरात्रि के धार्मिक और सांस्कृतिक महत्व को बढ़ावा देना तथा विद्यालय और अभिभावकों के बीच आपसी सहयोग एवं सौहार्द को मजबूत करना था।
कार्यक्रम में लगभग 200 अभिभावकों एवं उनके बच्चों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। रंग-बिरंगे पारंपरिक परिधानों में सजे प्रतिभागियों ने गरबा एवं डांडिया नृत्य के माध्यम से उत्सव में चार चाँद लगा दिए। संगीत, नृत्य और उत्साह से पूरा विद्यालय परिसर भक्तिमय एवं उल्लासपूर्ण वातावरण से सराबोर हो उठा।
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न श्रेणियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। ‘बेस्ट ड्रेस्ड मदर’, ‘बेस्ट डांसर – गरबा क्वीन’ तथा ‘बेस्ट मदर-चाइल्ड जोड़ी – डायनेमिक डुओ’ जैसी श्रेणियों में विजेताओं का चयन किया गया। पुरस्कार प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों का उत्साह देखते ही बनता था। कार्यक्रम के आयोजक एवं विद्यालय के मैनेजर ऋषभ कुमार ने इस आयोजन के माध्यम से भारतीय संस्कृति एवं पारंपरिक लोककलाओं को नई पीढ़ी तक पहुँचाने और अभिभावकों को विद्यालय की गतिविधियों से जोड़ने के प्रयास पर बल दिया। विद्यालय की प्रधानाचार्या श्रीमती रेनू रत्नेश पांडेय ने कार्यक्रम में प्रतिभाग करने वाले सभी अभिभावकों एवं बच्चों के उत्साह की सराहना की और कहा कि इस प्रकार के आयोजन विद्यार्थियों एवं अभिभावकों में सांस्कृतिक मूल्यों, आपसी सहयोग और सामुदायिक भावना को प्रोत्साहित करते हैं। कार्यक्रम को सफल बनाने में विद्यालय के समस्त शिक्षकगण एवं कर्मचारियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। सभी ने मिलकर आयोजन की व्यवस्थाओं को सुचारु रूप से संचालित किया। कार्यक्रम में उपस्थित अभिभावकों एवं बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर इस सांस्कृतिक संध्या को यादगार बनाया।
अंत में विद्यालय प्रबंधन ने प्रतिभागियों, पुरस्कार विजेताओं, अभिभावकों एवं समस्त स्टाफ सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त किया और भविष्य में भी ऐसे सांस्कृतिक एवं रचनात्मक कार्यक्रमों के आयोजन की प्रतिबद्धता व्यक्त की। आयोजक: ऋषभ कुमार,प्रधानाचार्या: श्रीमती रेनू रत्नेश पांडेय
विद्यालय: सेंट पीटर्स स्कूल, छतवा, सिरसा – प्रयागराज।
