मेजा में नवविवाहिता ने फांसी लगाकर दी जान, परिवार में मचा कोहराम
खाने को लेकर पारिवारिक विवाद की बात आई सामने, पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा
आदर्श सहारा टाइम्स
मेजा, प्रयागराज। मेजा थाना क्षेत्र के उपरोड़ा गांव में एक नवविवाहिता द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या किए जाने का मामला सामने आया है। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, उपरोड़ा गांव निवासी धीरज निषाद की 21 वर्षीय पत्नी सीता निषाद ने बीती रात घर के आंगन में स्थित नीम के पेड़ से फांसी लगा ली। बताया जा रहा है कि घटना से पहले परिवार में खाने को लेकर विवाद हुआ था। मृतका की सास अमरावती देवी ने पुलिस को दी गई तहरीर में पारिवारिक विवाद का जिक्र किया है।
बताया गया कि घटना के समय धीरज अपनी बहन को छोड़ने के लिए भटौती गया हुआ था। वहीं, मृतका का मायका मई पताई क्षेत्र में बताया जा रहा है। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों और ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई।
सूचना मिलने पर चौकी इंचार्ज प्रभाकर शुक्ला पुलिस बल और महिला पुलिसकर्मियों के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
