अध्यक्ष और मंत्री पद के प्रत्याशियों का दक्षता भाषण सम्पन्न

अध्यक्ष और मंत्री पद के प्रत्याशियों का दक्षता भाषण सम्पन्न

आदर्श सहारा टाइम्स

कोरांव, प्रयागराज। कोराव आगामी 30 अक्टूबर को होने वाले अधिवक्ता संघ कोरांव के चुनाव का अध्यक्ष और मंत्री पद के प्रत्याशियों का दक्षता भाषण शनिवार को तहसील सभागार में दोपहर एक बजे से शुरू हुआ। जो लगभग डेढ़ घंटे चला। आयोजन में सबसे पहले अध्यक्ष पद के प्रत्याशियों में उमाकांत तिवारी ने अधिवक्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि अगर आप सभी का आशीर्वाद मिला और हम अध्यक्ष बने तो आप सभी को आश्वस्त करते है कि संस्था का पैसा आपके हित में लगाऊंगा और आर्थिक रूप से कमजोर अधिवक्ताओं के पुत्रियों की शादी में आर्थिक मदद करूंगा। कहा कि अधिवक्ताओं के मान सम्मान में कमी नहीं आने दूंगा जरूरत पड़ी तो अपनी जान की बाजी भी लगा दूंगा। इसी क्रम में अध्यक्ष पद के प्रत्याशी दिनेश कुमार सिंह ने कहा कि अगर मैं अध्यक्ष बना तो अधिवक्ताओं के बैठने के लिए चैम्बर, लाइब्रेरी, लैपटॉप की व्यवस्था करेंगे और बार में आने वाला धन सीधे बैंक खाते में जाएगा। इसी कड़ी में अध्यक्ष पद के प्रत्याशी धर्मेंद्र प्रताप सिंह ने अधिवक्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि आप सभी अपना आशीर्वाद रूपी मत दीजिए हम आप सबको विश्वास दिलाते है कि आप सभी को हमारी जहां भी जरूरत पड़ेगी हम तन, मन,धन तीनों से आपके साथ कंधा से कंधा मिलाकर खड़े मिलेंगे। वहीं अध्यक्ष पद के प्रत्याशी ललन कुमार तिवारी ने अधिवक्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि परिसर में समस्याएं तो बहुत है लेकिन सबसे बड़ी समस्या सुलभ कॉप्लेक्स की है। कहा हम अध्यक्ष रहे या नहीं रहे लेकिन चुनाव बाद तहसील परिसर में सुलभ कॉप्लेक्स का कार्य शुरू करा दूंगा जिसके लिए हमारी वार्ता क्षेत्रीय विधायक राजमणि कोल से हो चुकी हैं। इसी क्रम में अध्यक्ष पद के प्रत्याशी विजय शंकर मिश्र ने कहा कि आप सभी का आशीर्वाद रूपी मत मिला और हमको विजय श्री मिली तो आपको विश्वास दिलाता हूं हमारे द्वारा किसी भी अधिवक्ता के न्यायिक कार्यों में हस्तक्षेप नहीं किया जाएगा। आगे कहा कि अधिवक्ता हित में कार्य करूंगा और किसी भी अधिवक्ता के मान सम्मान में कमी नहीं आने दूंगा। हर महीने बैठक कर अधिवक्ताओं के विचारों को सुनते हुए उनकी समस्याओं को अति शीघ्र दूर करूंगा। और सभी अधिवक्ताओं के बीच सप्रेम भेंट के रूप में बैग का वितरण करूंगा। कहा कि सभागार का नवीनीकरण कराकर उसमें बिजली, पंखा और कुर्सियों की व्यवस्था करूंगा। साथ ही समय समय पर आम सभा की बैठक कराएंगे।

क्या बोले मंत्री पद के प्रत्याशी

दक्षता भाषण में अध्यक्ष पद के प्रत्याशियों के बाद मंत्री पद के प्रत्याशियों में सबसे पहले योगेंद्र नाथ द्विवेदी उर्फ राजू दुबे ने मंच से सभी अधिवक्ताओं का अभिनंदन वंदन और उन्हें प्रणाम करते हुए उन्हें संबोधित कर कहा कि यदि आप सबने अपने शुभ आशीर्वाद रूपी मत के माध्यम से मुझे मंत्री पद का दायित्व सौंपा तो हम आप सभी साथियों को विश्वास दिलाता हूं कि अधिवक्ता हित एवं उनके मान सम्मान का पूरा ख्याल रखूंगा। आगे कहा कि आप सभी की एक आवाज पर आप सभी के लिए सदैव उपस्थित एवं तत्पर रहने का काम करूंगा। कहा कि बार और बेंच के बीच सामंजस्य स्थापित कर प्रशासनिक और न्यायिक कार्यों को प्रगतिशील बनाने का भरपूर प्रयास करूंगा। साथ ही अधिवक्ताओं के चैम्बर में बिजली, पानी, पंखे की व्यवस्था सुनिश्चित करेंगे अंत में कहा कि अनुभवी, वरिष्ठ और विद्वान अधिवक्ताओं के मार्गदर्शन एवं सुझाव से माडल बाइलाज को संशोधित परिवर्धित कर विसंगतियों को दूर करूंगा। इसी क्रम में मंत्री पद के प्रत्याशी त्रिवेणी प्रसाद यादव ने अधिवक्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि कोर्ट में बने डाईस को सुसज्जित करने का काम करूंगा और जूनियर अधिवक्ताओं के लिए इंटरनेट के माध्यम से विधि से संबंधित जुड़े कार्यों को सीखने की व्यवस्था करेंगे। आगे कहा कि बार की व्यवस्था को और सुदृढ़ बनाने का पूरा प्रयास करने का काम करूंगा। दक्षता भाषण का संचालन सहायक निर्वाचन अधिकारी दादा जीके सिंह ने किया। इस दौरान मंच पर निर्वाचन अधिकारी रोहिणी प्रसाद तिवारी, बेचन लाल सिंह, निर्वाचन सचिव श्याम मिश्रा, एल्डर कमेटी के अध्यक्ष वरिष्ठ अधिवक्ता एपी सिंह, वरिष्ठ अधिवक्ता पंडित बाल गोबिंद पाण्डेय, केसी मिश्रा, अरुण कुमार तिवारी, रामचंद्र तिवारी, निवर्तमान अध्यक्ष राम बहादुर सिंह मंत्री लक्ष्मीकांत शुक्ल के अलावा अन्य अधिवक्ता उपस्थित थे। वहीं दक्षता भाषण के अध्यक्ष और मंत्री पद के प्रत्याशियों के भाषण सुनने के लिए भारी संख्या में अधिवक्ताओं की मौजूदगी रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *