प्रयागराज में साइक्लोन इंपैक्ट, आसमान में बादल, ठंडी हवा नें गिराया तापमान, किसानों की बढ़ी चिन्ता
आदर्श सहारा टाइम्स
प्रयागराज । बंगाल की खाड़ी में बने चक्रवाती तूफान दाना का असर प्रयागराज और आसपास के इलाकों में दिख रहा है। आसमान में बादल छाए हैं। वहीं ठंडी हवा चल रही है। इससे तापमान में गिरावट आई है। मौसम विशेषज्ञों की मानें तो अगले दो दिनों तक ऐसी ही स्थिति रह सकती है। हवा के साथ बारिश तापमान में कमी के साथ फसल को नुकसान पहुंचाएगी। ऐसे में किसानों की चिंता बढ़ गई है। क्योंकि ज्यादातर किसानों की फसलें तैयार है और दीपावली के साथ कटाई शुरु किया जायेगा।
बंगाल की खाड़ी में बना चक्रवाती तूफान ओडिशा, पश्चिम बंगाल समेत तटवर्ती इलाकों में तबाही मचा रहा है। इसका असर प्रयागराज, मिर्जापुर ,वाराणसी और पूर्वांचल के जिलों में दिख रहा है। पिछले तीन दिनों से मौसम में उतार-चढ़ाव दिख रहा है। शनिवार की शाम से ही ठंडी हवा चल रही है। वहीं आसमान में बादल भी छाए हुए हैं। बारिश के आसार बने हुए हैं। हवा के चलते तापमान में गिरावट आई है और लोगों को सिहरन महसूस हो रही है।
मौसम विशेषज्ञों की मानें तो साइक्लोन के असर की वजह से मौसम बदला है। 29 अक्टूबर तक आसमान में बादलों की सक्रियता रहेगी। वहीं हवा का दौर जारी रह सकता है। इस दौरान बूंदाबादी के भी आसार हैं। हवा के साथ बारिश से धान की फसल को नुकसान हो सकता है।