समाधान दिवस मेजा में कुल 209 प्रकरण सुनवाई के लिए आयें, 13 प्रकरणों का मौके पर किया गया निस्तारण

 

जिलाधिकारी ने समाधान दिवस में आयी शिकायतों को गुणवत्तापूर्वक एवं समयबद्धता के साथ निस्तारित करने के दिए निर्देश

समाधान दिवस मेजा में कुल 209 प्रकरण सुनवाई के लिए आयें, 13 प्रकरणों का मौके पर किया गया निस्तारण

जिलाधिकारी ने पोषण अभियान के अन्तर्गत 4 महिलाओं की गोदभराई एवं 3 बच्चों का कराया अन्नप्राशन

आदर्श सहारा टाइम्स

मेजा,प्रयागराज । जिलाधिकारी  मनीष कुमार वर्मा की अध्यक्षता में शनिवार को तहसील मेजा में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। जिलाधिकारी ने सभी सम्बंधित अधिकारियों को सख्त हिदायत देते हुए निर्देशित किया कि जनशिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही या उदासीनता क्षम्य नहीं होगी। उन्होंने शिकायतों का निस्तारण समयबद्धता के साथ गुणवत्तापूर्ण ढंग से करने के लिए निर्देशित किया है।

जिलाधिकारी ने इस अवसर पर तहसील में पोषण अभियान के अन्तर्गत 4 महिलाओं-सविता देवी, रचना कुमारी, कविता कुमारी, अंजली की गोदभराई एवं 3 बच्चों-दिव्यांशी, वेदांश एवं अर्पिता का अन्नप्राशन भी कराया। इसके साथ ही उन्होंने गर्भवती महिलाओं को लगाये जाने वाले टीको के बारे में भी जानकारी प्राप्त की।

जिलाधिकारी ने सम्पूर्ण समाधान दिवस के अवसर पर जनसमस्याओं को सुनते हुए राजस्व, पुलिस, स्वास्थ्य एवं अन्य सम्बंधित विभागों के अधिकारियों को प्रकरण की जमीनी स्तर पर जांच कर शिकायतों को गुणवत्तापूर्वक एवं समयबद्धता के साथ निस्तारित करने एवं प्रार्थनापत्रों की समयबद्ध जांच, कार्रवाई एवं समस्याओं के निस्तारण में विलम्ब होने पर सम्बंधित अधिकारी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए है। जिलाधिकारी ने समाधान दिवस में उपस्थित राजस्व निरीक्षक एवं लेखपालों को जनशिकायतों को गुणवत्ता के साथ शीघ्रता से निस्तारित करने के लिए निर्देशित किया है।

जिलाधिकारी ने कहा कि जन-शिकायतों का निस्तारण शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता वाले बिंदुओं में से एक है, इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही या उदासीनता स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने शिकायतकर्ता का फीडबैक लेने और शिकायतों के निस्तारण से शिकायतकर्ता संतुष्ट भी कराये जाने के लिए कहा। जिलाधिकारी ने समाधान दिवस में आयें हुए वरासत, अवैध कब्जा व अन्य शिकायतों का शीघ्रता से निस्तारण किए जाने का निर्देश दिया है। जिलाधिकारी ने प्रार्थनापत्रों की अलग-अलग सूची बनाकर सम्बंधित को आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए है।

सम्पूर्ण समाधान दिवस में  केशव दास ग्राम प्रधान, ग्राम पंचायत कनिगड़ा विकास खण्ड उरूवा के द्वारा ग्राम पंचायत में पीने के पानी के टंकी के निर्माण हेतु उनके द्वारा जमीन उपलब्ध कराये जाने के बाद भी अभी तक टंकी का निर्माण कार्य शुरू नहीं कराये जाने की शिकायत की, जिसपर जिलाधिकारी ने अधिशासी अभियंता जल निगम ग्रामीण को जल्द से जल्द कार्य को शुरू कराये जाने का निर्देश दिए है। इसी क्रम में ग्राम प्रधान श्री केशव दास के द्वारा ही ग्राम पंचायत में प्रस्तावित अत्येष्टी स्थल निर्माण हेतु धनराशि स्वीकृत कराने का अनुरोध किया गया, जिसपर जिलाधिकारी ने जिला पंचायतराज अधिकारी को प्रकरण पर नियमसंगत कार्यवाही करने के लिए कहा है। समाधान दिवस में श्री कृष्णा बिहारी पुत्र भैरव बक्स के द्वारा बोरिंग के लिए 7.5एचपी विद्युत कनेक्शन हेतु 9 माह पूर्व किए गए ऑनलाइन आवेदन के सम्बंधित एसडीओ स्तर पर लम्बित होने तथा अभी तक विद्युत कनेक्शन नहीं किए जाने की शिकायत की गयी, जिसपर जिलाधिकारी ने अधिशासी अभियंता विद्युत को विद्युत कनेक्शन से सम्बंधित कार्यवाही को शीघ्रता से पूर्ण कराने के निर्देश दिए है। इसी प्रकार किरन देवी पत्नी स्व0 कृष्ण बहादुर निवासी ग्राम करदहा के द्वारा उनके पति की मृत्यु के पश्चात देवर श्याम बहादुर के द्वारा परिवार रजिस्टर से उनका नाम हटवाकर जमीन पर कब्जा किए जाने का प्रयास करने की शिकायत की, जिसपर जिलाधिकारी डीपीआरओ को प्रकरण की जांच कर आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए है। प्रार्थी शशीकांत शुक्ला निवासी ग्राम औता तुलापुर के द्वारा तालाब के किनारे विद्युत लाइन के दो खम्भों के गिरने तथा विद्युत लाइन के क्षतिग्रस्त होने से पानी में करंट उतरने की सम्भावना के दृष्टिगत विद्युत लाइन को सही कराये जाने से सम्बंधित प्रार्थना पत्र दिया गया, जिसपर जिलाधिकारी ने अधिशासी अभियंता विद्युत को प्रकरण पर तत्काल कार्यवाही करने के निर्देश दिए है।

सम्पूर्ण समाधान दिवस पर तहसील मेजा में कुल 209 शिकायतें प्राप्त हुई, जिनमें राजस्व विभाग से सम्बंधित 70, विकास विभाग की 15, पुलिस विभाग 43, समाज कल्याण विभाग-03 व अन्य विभागों से सम्बंधित 78 थी, जिनमें से 13 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। जिलाधिकारी ने शेष शिकायतों के निस्तारण हेतु सम्बंधित विभागों के अधिकारियों को शिकायतों को आज ही प्राप्त करते हुए उनको निर्धारित समयसीमा के अन्तर्गत गुणवत्तापूर्ण ढंग से निस्तारण के निर्देश दिए है। जिलाधिकारी ने सभी सम्बंधित अधिकारियों को हिदायत देते हुए कहा है कि शिकायतों का निस्तारण अनिवार्य रूप से निर्धारित समयसीमा के अन्तर्गत हो जाना चाहिए।

इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) श्रीमती पूजा मिश्रा, उपजिलाधिकारी मेजा  सुरेन्द्र कुमार, परियोजना निदेशक  भूपेन्द्र कुमार सिंह, जिला विकास अधिकारी  जी0पी0 कुशवाहा, जिला पंचायतराज अधिकारी  रविशंकर द्विवेदी, जिलापूर्ति अधिकारी  सुनील कुमार सहित अन्य सम्बंधित अधिकारीगण उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *