पुष्पा शुक्ला स्मारक ओपेन वॉलीबाल प्रतियोगिता शुरू.
सरदार पटेल वॉलीबाल क्लब बरहा कलां ने जीता प्रतियोगिता का उद्घाटन मैच
आदर्श सहारा टाइम्स
मांडा, प्रयागराज । स्थानीय बामपुर चेहरा के क्रीड़ा स्थल पर लहरी भैया फाउंडेशन के सौजन्य से स्व.पुष्पा शुक्ला की स्मृति में दो दिवसीय ओपेन वॉलीबाल प्रतियोगिता शुरू हुई। प्रतियोगिता के पहले दिन जनपद की कुल डेढ़ दर्जन टीमों ने प्रतिभाग कर अपने खेल कौशल का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता का उद्घाटन डिस्ट्रिक्ट वॉलीबाल एसोसिएशन(डीवीए),प्रयागराज के संरक्षक श्यामकांत शुक्ला ने फीता काटकर किया। प्रतियोगिता का उद्घाटन मैच सरदार पटेल वॉलीबाल क्लब बरहा कलां और भास्कर वॉलीबाल क्लब महेवा कलां के बीच खेला गया। जिसमें सरदार पटेल वॉलीबाल क्लब बरहा कलां ने भास्कर वॉलीबाल क्लब महेवा कलां की टीम को 23 – 25, 25 – 21 व 25 – 14 अंकों से हराकर दो दिवसीय वॉलीबाल प्रतियोगिता का उद्घाटन मैच जीत लिया। उद्घाटन समारोह के अवसर पर मुख्य रूप से एसोसिएशन के महासचिव आर.पी.शुक्ला, कोषाध्यक्ष के.बी.एल.श्रीवास्तव, वरिष्ठ पत्रकार सुभाष ओझा, वरिष्ठ खिलाड़ी प्रभाकर चौबे, अजय तिवारी, विनोद पांडेय व हरिदास आदि गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहें। प्रतियोगिता के खेले गए अन्य मैचों में वॉलीबाल क्लब मिश्रपुर ने स्पोर्टिंग क्लब नरोईया को 25 – 16 व 25 – 18 अंकों से, शिवाजी क्लब एडीए नैनी ने यूथ क्लब सिंदुरिया को 25 – 21 व 25 – 19 अंकों से, कृषि विश्वविद्यालय (सुआट्स) नैनी ने महावीर क्लब औराई को 25 – 23 व 25 – 19 अंकों से, वॉलीबाल क्लब पाली ने भास्कर वॉलीबाल क्लब महेवा कलां को 25 – 18 व 25 – 16 अंकों से, कंबाइंड वॉलीबाल क्लब बामपुर चेहरा ने ब्रदर्स क्लब बसकोप को 25 – 16 व 25 – 14 अंकों से, मंगला प्रसाद इंटर कॉलेज बामपुर ने यंग स्पोर्टिंग क्लब जरेला को 25 – 15 व 25 – 17 अंकों से, फ्रेंड्स क्लब में मेजा ने वॉलीबाल क्लब लालगंज को 25 – 21 व 25 – 19 अंकों से हराकर अगले चक्र मे प्रवेश किया। प्रतियोगिता के आयोजन सचिव गणेश शंकर उर्फ बाबा गिरी ने प्रतियोगिता में पधारें समस्त अतिथियों का स्वागत किया। आज रविवार को प्रतियोगिता के दूसरे दिन प्रातः 10 बजे से देव स्पोर्ट्स एकेडमी, म्योहॉल स्पोर्ट्स हॉस्टल, पुलिस लाइन क्लब प्रयागराज, मदन मोहन मालवीय स्टेडियम प्रयागराज, एन.वाई.एस.ऊंज, वॉलीबाल क्लब कमासिन आदि टीमों के बीच मुकाबला खेला जाएगा।
