मेजा तहसील के तहसीलदार बने पवन कुमार सिंह, पदभार किया ग्रहण

मेजा तहसील के तहसीलदार बने पवन कुमार सिंह, पदभार किया ग्रहण

आदर्श सहारा टाइम्स

मेजा, प्रयागराज। कई दिनों से खाली चल रहे तहसीलदार मेजा के पद पर तैनातीकर दी गई, इस पद पर पवन कुमार सिंह को जिले से भेजा गया। पदभार संभालने के बाद उन्होंने उपजिलाधिकारी अजीत प्रताप सिंह से औपचारिक मुलाकात कर तहसील की प्राथमिकताओं पर विस्तृत चर्चा की। इसके उपरांत उन्होंने विभागीय कर्मचारियों एवं अधिकारियों से परिचय प्राप्त कर प्रशासनिक एवं राजस्व कार्यों की वर्तमान स्थिति समझी।

मूल रूप से गाजीपुर के निवासी पवन कुमार सिंह ने वर्ष 2022 में नायब तहसीलदार के रूप में अपनी शासकीय सेवा की शुरुआत की थी। प्रतापगढ़ में विभिन्न तहसीलों में सेवाएं देने के उपरांत पदोन्नति पाकर मेजा में तहसीलदार के रूप में यह उनकी पहली पोस्टिंग है।
कार्यभार संभालते ही उन्होंने अपनी प्राथमिकताएं स्पष्ट करते हुए कहा कि शासन की मंशा के अनुसार आम जनता को समयबद्ध और पारदर्शी प्रशासनिक सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। तहसील आने वाले फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता से सुनकर नियमानुसार त्वरित समाधान किया जाएगा। उन्होंने भूमि विवाद, दाखिल-खारिज, विरासत और प्रमाण पत्रों जैसे जनसुविधा कार्यों में अनावश्यक विलंब न करने के सख्त निर्देश दिए।

तहसीलदार पवन कुमार सिंह ने कर्मचारियों को आम जनता के साथ शालीनतापूर्वक व्यवहार करने और उन्हें बेवजह परेशान न करने की सख्त हिदायत दी। उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकारी योजनाओं का लाभ पात्रों तक पहुंचाना और राजस्व कार्यों में पूर्ण पारदर्शिता बनाए रखना प्राथमिकता होगी। तहसील की कार्यप्रणाली को और अधिक प्रभावी बनाने हेतु उन्होंने अधिवक्ताओं का सहयोग अनिवार्य बताया तथा जनहित को सर्वोपरि रखा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *