समाधान दिवस में कुल 551 प्रकरण सुनवाई के लिए आयें, 14 प्रकरणों का मौके पर किया गया निस्तारण

समाधान दिवस में कुल 551 प्रकरण सुनवाई के लिए आयें, 14 प्रकरणों का मौके पर किया गया निस्तारण

जिलाधिकारी ने तहसील में पोषण अभियान के अन्तर्गत 2 महिलाओं की गोदभराई एवं 3 बच्चों का कराया अन्नप्राशन

आदर्श सहारा टाइम्स

 

प्रयागराज। जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा की अध्यक्षता में शनिवार को तहसील सोरांव में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। जिलाधिकारी ने सभी सम्बंधित अधिकारियों को सख्त हिदायत देते हुए निर्देशित किया कि जनशिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही या उदासीनता क्षम्य नहीं होगी। उन्होंने शिकायतों का निस्तारण समयबद्धता के साथ गुणवत्तापूर्ण ढंग से करने के लिए निर्देशित किया है।
सम्पूर्ण समाधान दिवस में जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी, परियोजना अधिकारी डूडा, सहायक निदेशक मत्स्य, जोनल ऑफिसर जोन-7 फाफामऊ, जिला विद्यालय निरीक्षक एवं जिला उद्यान अधिकारी के अनुपस्थित रहने पर स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने के निर्देश दिए है।
इस अवसर पर तहसील परिसर में विभिन्न विभागों के द्वारा कार्यक्रमों एवं योजनाओं के बारे में लगाये गये स्टॉलों का अवलोकन करते हुए जानकारी प्राप्त की एवं सम्बंधित विभागों के अधिकारियों को योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार कराते हुए पात्र लोगो को योजनाओं से लाभान्वित कराये जाने हेतु निर्देशित किया है। जिलाधिकारी ने तहसील में पोषण अभियान के अन्तर्गत 2 महिलाओं-श्रीमती संगीता गुप्ता, श्रीमती राखी देवी की गोदभराई एवं 3 बच्चों-प्रिंस, रित्विक एवं काव्या का अन्नप्राशन भी कराया।
जिलाधिकारी ने सम्पूर्ण समाधान दिवस के अवसर पर जनसमस्याओं को सुनते हुए राजस्व, पुलिस एवं अन्य सम्बंधित विभागों के अधिकारियों को प्रकरण की जमीनी स्तर पर जांच कर शिकायतों को गुणवत्तापूर्वक एवं समयबद्धता के साथ निस्तारित करने एवं प्रार्थना पत्रों की समयबद्ध जांच, कार्रवाई एवं समस्याओं के निस्तारण में विलम्ब होने पर सम्बंधित अधिकारी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए है।
जिलाधिकारी ने कहा कि जन-शिकायतों का निस्तारण शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता वाले बिंदुओं में से एक है, इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही या उदासीनता स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने शिकायतकर्ता का फीडबैक लेने और शिकायतों के निस्तारण से शिकायतकर्ता संतुष्ट भी कराये जाने के लिए कहा। उन्होंने समाधान दिवस में आयें हुए वरासत, अवैध कब्जा व अन्य शिकायतों का शीघ्रता से निस्तारण किए जाने का निर्देश दिया है। उन्होंने ने प्रार्थनापत्रों की अलग-अलग सूची बनाकर सम्बंधित को आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए है। सम्पूर्ण समाधान दिवस में प्रार्थी मुजफ्फर हक मुजाहिद निवासी मऊआइमा के द्वारा नूरजहां पत्नी उमर पर कूटरचित करके फर्जी बैनामा कराये जाने के सम्बंध में शिकायत किए जाने पर जिलाधिकारी ने उक्त प्रकरण में उपजिलाधिकारी सोरांव को प्रकरण की जांच करने एवं यदि गलती जानबूझकर या किसी को लाभ पहुंचाने के लिए किया गया है, तो सम्बंधित के विरूद्ध एफआईआर दर्ज कराते हुए कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए है। इसी प्रकार प्रार्थी राम बहादुर पुत्र शिव प्रसाद निवासी ग्राम जगदीशपुर पूरे चन्दा तहसील सोरांव के द्वारा चकमार्ग की नाप के बाद भी भूमि खाली न किये जाने के सम्बंध में शिकायत किए जाने पर जिलाधिकारी ने उपजिलाधिकारी सोरांव को प्रकरण की जांच कर चकरोड से अवैध कब्जा हटवाकर आख्या उपलब्ध कराये जाने के लिए कहा है। राजू पासी-प्रधान ग्राम पंचायत सिगरौर उपरहार, तहसील सोरांव के द्वारा मेला के लिए सुरक्षित भूमि पर सुशील सरोज पुत्र राम दुलारे के द्वारा अवैध कब्जा किये जाने की शिकायत पर जिलाधिकारी ने उपजिलाधिकारी सोरांव को तत्काल अवैध कब्जे को हटवाने तथा विधिक कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए है।
सम्पूर्ण समाधान दिवस पर तहसील सोरांव में कुल 551 शिकायतें प्राप्त हुई, जिनमें राजस्व विभाग से सम्बंधित 405, पुलिस विभाग 70, विकास विभाग-30, अन्य विभागों की 46 शिकायतें थी, जिनमें से 14 शिकायतों का मौके पर निस्तारण कर दिया गया। जिलाधिकारी ने शेष शिकायतों के निस्तारण हेतु सम्बंधित विभागों के अधिकारियों को शिकायतों को आज ही प्राप्त करते हुए प्रत्येक शिकायत का निर्धारित समयसीमा के अन्तर्गत गुणवत्तापूर्ण निस्तारण किए जाने के निर्देश दिए है। उन्होंनेे सभी सम्बंधित अधिकारियों को हिदायत देते हुए कहा है कि शिकायतों का निस्तारण अनिवार्य रूप से निर्धारित समय सीमा के अन्तर्गत हो जाना चाहिए, जिससे शिकायतकर्ताओं को अनावश्यक रूप से भटकना न पड़े। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी हर्षिका सिंह, अपर जिलाधिकारी प्रशासन श्रीमती उपमा पाण्डेय, मुख्य चिकित्साधिकारी ए0के0 तिवारी, उपजिलाधिकारी सोरांव, तहसीलदार सोरांव, परियोजना निदेशक भूपेन्द्र सिंह, जिलापूर्ति अधिकारी, सहित अन्य सम्बंधित अधिकारीगण उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *