मेजा के युवक की पुणे में ट्रेन की चपेट में आने से मौत, परिवार में मचा कोहराम
आदर्श सहारा टाइम्स
मेजा, प्रयागराज। मेजा थाना क्षेत्र के परानीपुर गांव निवासी एक युवक की महाराष्ट्र के पुणे में ट्रेन की चपेट में आने से दर्दनाक मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, परानीपुर गांव निवासी दीपक शर्मा (24), पुत्र रामचंद्र शर्मा, अपने भाइयों के साथ महाराष्ट्र के पुणे में रहकर व्यवसाय करते थे। बताया जा रहा है कि शनिवार सुबह करीब आठ बजे किसी पारिवारिक बात को लेकर उनकी कहासुनी हुई थी। इसके बाद दीपक घर से बाहर चले गए।
कुछ देर बाद परिजनों को सूचना मिली कि दीपक की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई है। घटना की जानकारी मिलने पर स्थानीय राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की।
युवक की असामयिक मौत की खबर से परानीपुर गांव में भी शोक का माहौल है। परिवार के लोग इस दुखद घटना से सदमे में हैं।
