कोरांव में यातायात माह का शुभारंभ, पुलिस ने चलाया जागरूकता एवं चेकिंग अभियान
हेलमेट, सीट बेल्ट और यातायात नियमों के पालन करे
आदर्श सहारा टाइम्स
कोरांव, प्रयागराज। यातायात माह नवंबर 2026 के शुभारंभ पर रविवार को थाना कोरांव पुलिस द्वारा विशेष यातायात जागरूकता एवं चेकिंग अभियान चलाया गया। पुलिस आयुक्त कमिश्नरेट प्रयागराज के निर्देशन में आयोजित इस अभियान का शुभारंभ थाना परिसर एवं क्षेत्र के प्रमुख चौराहों पर किया गया।
पुलिस उपायुक्त यमुनानगर तथा सहायक पुलिस आयुक्त मेजा के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक शैलेन्द्र सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने क्षेत्र के सार्वजनिक स्थलों, स्कूलों एवं प्रमुख बाजारों में लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया।
अभियान के दौरान वाहन चालकों को हेलमेट पहनने, सीट बेल्ट लगाने,नशे में वाहन न चलाए, ओवरस्पीडिंग से बचने तथा वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग नहीं करने की हिदायत दी गई। वहीं बिना हेलमेट, तीन सवारी (ट्रिपल राइडिंग) और बिना वैध दस्तावेजों के वाहन चलाने वालों के खिलाफ चेकिंग कर आवश्यक कार्रवाई की गई।
पुलिस ने नाबालिग बच्चों के अभिभावकों से अपील की कि वे अपने बच्चों को किसी भी परिस्थिति में दोपहिया या चारपहिया वाहन चलाने की अनुमति न दें। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ ई-चालान सहित वैधानिक कार्रवाई भी की गई।
इस अवसर पर प्रभारी निरीक्षक शैलेन्द्र सिंह ने कहा कि यातायात नियमों का पालन करना किसी मजबूरी का नहीं, बल्कि स्वयं और अपने परिवार की सुरक्षा का विषय है। नवंबर माह में यह अभियान लगातार जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्ती बरती जाएगी।
थाना कोरांव पुलिस ने आमजन से अपील की कि वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग न करें, नशे की हालत में वाहन न चलाएं तथा हमेशा यातायात नियमों का पालन करें। पुलिस का कहना है कि लोगों की सुरक्षा ही उसकी सर्वोच्च प्राथमिकता है।
अभियान में शामिल पुलिस टीम: प्रभारी निरीक्षक शैलेन्द्र सिंह, उपनिरीक्षक दीपक राजपूत, उपनिरीक्षक शशि प्रकाश यादव, आरक्षी आकाश गौड़, आरक्षी बसंत कुमार साहू एवं महिला आरक्षी प्रेमलता मौर्या सहित थाना कोरांव की पुलिस टीम मौजूद रही।
पुलिस ने क्षेत्रीय नागरिकों से यातायात नियमों का पालन कर सड़क दुर्घटनाओं को रोकने में सहयोग करने की अपील की।
