10 दिनों से जला ट्रांसफार्मर, अंधेरे में डूबा बघोरा खवासान, 63 केवी का ट्रांसफार्मर लगाने की उठी मांग
आदर्श सहारा टाइम्स
मेजा। मांडा क्षेत्र के बघोरा खवासान गांव में पिछले 10 दिनों से ट्रांसफार्मर जला होने के कारण पूरे गांव की विद्युत आपूर्ति ठप है। भीषण गर्मी के बीच बिजली न होने से ग्रामीणों का जनजीवन पूरी तरह प्रभावित हो गया है। सबसे अधिक परेशानी छोटे बच्चों, बुजुर्गों और मरीजों को उठानी पड़ रही है।
ग्रामीणों का आरोप है कि ट्रांसफार्मर जलने की सूचना कई बार बिजली विभाग के अधिकारियों और संबंधित लाइनमैन को दी गई, लेकिन अब तक नया ट्रांसफार्मर नहीं लगाया गया। ग्रामीणों का कहना है कि विभागीय लापरवाही के कारण गांव के लोगों को लगातार परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों ने बताया कि इस संबंध में उपजिलाधिकारी (एसडीएम) मेजा को भी ज्ञापन सौंपकर जल्द से जल्द नया ट्रांसफार्मर लगाए जाने की मांग की गई थी, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। बिजली न होने से पेयजल व्यवस्था प्रभावित है, बच्चों की पढ़ाई बाधित हो रही है और भीषण गर्मी के कारण लोग रातभर जागने को मजबूर हैं। कई बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों की तबीयत भी प्रभावित हो रही है।
ग्रामीणों का कहना है कि गांव में वर्तमान क्षमता का ट्रांसफार्मर बिजली के अधिक लोड के कारण बार-बार जल जाता है। इसलिए उनकी मांग है कि गांव में 63 केवी (63 KVA) क्षमता का नया ट्रांसफार्मर लगाया जाए, ताकि बढ़ते विद्युत भार को आसानी से संभाला जा सके और बार-बार ट्रांसफार्मर जलने की समस्या से स्थायी निजात मिल सके।
ग्रामीणों ने बिजली विभाग और जिला प्रशासन से जनहित को देखते हुए तत्काल 63 केवी क्षमता का नया ट्रांसफार्मर स्थापित कर विद्युत आपूर्ति बहाल करने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई तो ग्रामीण आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी संबंधित विभाग की होगी।
