16 वर्षों से एक ही सीएचसी में जमे डॉक्टर पर उठे गंभीर सवाल, निजी प्रैक्टिस के आरोपों से मचा हड़कंप

16 वर्षों से एक ही सीएचसी में जमे डॉक्टर पर उठे गंभीर सवाल, निजी प्रैक्टिस के आरोपों से मचा हड़कंप

निजी अस्पताल, मेडिकल स्टोर व डायग्नोस्टिक सेंटर संचालन के आरोप; सीएमओ की भूमिका पर भी उठे सवाल

 

आदर्श सहारा टाइम्स

मेजा, प्रयागराज।तहसील क्षेत्र के मेजा खास स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में एक डॉक्टर के करीब डेढ़ दशक से अधिक समय से एक ही स्थान पर तैनात रहने को लेकर स्वास्थ्य विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो गए हैं। विभागीय गाइडलाइन के अनुसार किसी भी सरकारी कर्मचारी की एक स्थान पर तैनाती की समय सीमा निर्धारित होती है, लेकिन यहां इस नियम की अनदेखी लंबे समय से जारी बताई जा रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि वर्षों तक एक ही जगह जमे रहने से कुछ कर्मचारी क्षेत्रीय प्रभाव और निजी नेटवर्क खड़ा कर लेते हैं, जिससे व्यवस्था प्रभावित होती है।
सूत्रों के मुताबिक संबंधित डॉक्टर पर सरकारी सेवा के साथ-साथ निजी अस्पताल, मेडिकल स्टोर और डायग्नोस्टिक सेंटर संचालित करने के गंभीर आरोप लगाए जा रहे हैं। चर्चा है कि अस्पताल परिसर के आसपास ही निजी लाभ के साधन सक्रिय रूप से संचालित किए जा रहे हैं। आरोप यह भी है कि सरकारी अस्पताल में आने वाले मरीजों को बाहर से जांच और दवा लेने की सलाह दी जाती है, जबकि उन्हें यह बताया जाता है कि सरकारी सुविधाएं प्रभावी नहीं हैं। मजबूरी में मरीज निजी संस्थानों का रुख करते हैं, जिससे उन पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ता है।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि यह पूरा मामला निष्पक्ष जांच का विषय है। लोगों का आरोप है कि इस तरह की गतिविधियों की जानकारी विभाग के जिम्मेदार अधिकारियों तक भी है, फिर भी कार्रवाई नहीं हो रही है। ऐसे में जनपद स्तर पर होने वाली जांच पर भी लोगों का भरोसा कम नजर आ रहा है और बाहरी एजेंसी से जांच की मांग उठ रही है।
मामले को लेकर मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) की भूमिका पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। लोगों का कहना है कि इतने लंबे समय से एक ही स्थान पर तैनाती और गंभीर आरोपों के बावजूद कोई ठोस कदम न उठाया जाना विभागीय व्यवस्था की कार्यशैली पर प्रश्नचिह्न लगाता है।
इस संबंध में स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों का कहना है कि यदि लिखित शिकायत प्राप्त होती है तो नियमानुसार जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल क्षेत्र में इस पूरे प्रकरण को लेकर चर्चाओं का बाजार गर्म है और लोग पारदर्शी जांच की मांग कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *