जनसहभागिता से ही नशा मुक्त भारत का संकल्प होगा साकार
नशा मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत मुविवि में भाषण प्रतियोगिता आयोजित
प्रतिभागियों ने नशा उन्मूलन के सामाजिक एवं पारिवारिक पहलुओं पर रखे प्रभावी विचार
आदर्श सहारा टाइम्स
प्रयागराज। राज्यपाल सचिवालय के निर्देशानुसार तथा उत्तर प्रदेश राजर्षि टंडन मुक्त विश्वविद्यालय, प्रयागराज के कुलपति प्रो. सत्यकाम के मार्गदर्शन में संचालित नशा मुक्त भारत अभियान पखवाड़ा के अंतर्गत बुधवार को विश्वविद्यालय की मानविकी विद्याशाखा द्वारा नशा मुक्ति अभियान : जनसहभागिता एवं चुनौतियाँ विषय पर भाषण प्रतियोगिता का आयोजन विश्वविद्यालय के सरस्वती परिसर स्थित लोकमान्य तिलक शास्त्रार्थ सभागार में किया गया।
प्रतियोगिता का उद्देश्य युवाओं में नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूकता उत्पन्न करना तथा समाज को नशा मुक्त बनाने में जनसहभागिता की भूमिका को रेखांकित करना था। प्रतिभागियों ने नशे के सामाजिक, आर्थिक, पारिवारिक तथा स्वास्थ्य संबंधी दुष्प्रभावों पर प्रभावशाली विचार प्रस्तुत किए। वक्ताओं ने कहा कि नशा केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को ही प्रभावित नहीं करता, बल्कि परिवार, समाज और राष्ट्र की प्रगति में भी गंभीर बाधा उत्पन्न करता है। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहने तथा समाज में जागरूकता फैलाने का आह्वान किया।
प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने नशे के बढ़ते प्रचलन, युवाओं पर उसके दुष्प्रभाव, सामाजिक जागरूकता, पारिवारिक उत्तरदायित्व, शिक्षा की भूमिका तथा जनसहभागिता के माध्यम से नशा मुक्त भारत के निर्माण जैसे विभिन्न विषयों पर अपने विचार प्रस्तुत किए। अनेक प्रतिभागियों ने सरकार, शिक्षण संस्थानों, अभिभावकों एवं समाज की सामूहिक जिम्मेदारी पर बल देते हुए कहा कि नशे की समस्या का समाधान केवल कानून से नहीं, बल्कि व्यापक जनजागरण और सकारात्मक सामाजिक वातावरण से संभव है।प्रतियोगिता के निर्णायकों ने प्रतिभागियों की विषय की समझ, प्रस्तुतीकरण, तार्किकता, अभिव्यक्ति कौशल एवं प्रभावशीलता के आधार पर मूल्यांकन किया तथा विद्यार्थियों के उत्साह और जागरूकता की सराहना की।
कार्यक्रम का आयोजन मानविकी विद्याशाखा के समन्वयक प्रो. सत्यपाल तिवारी के निर्देशन में किया गया, जिसमें विश्वविद्यालय के विभिन्न विद्याशाखाओं के विद्यार्थियों एवं शोधार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम का संचालन आयोजन सचिव डॉ. अतुल कुमार मिश्र ने किया तथा शोधार्थी प्रतिनिधि संजय सिंह ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के विभिन्न विद्याशाखाओं के निदेशक, आचार्य, सहायक आचार्य, अधिकारी, कर्मचारी, शोधार्थी एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे। उल्लेखनीय है कि यह प्रतियोगिता विश्वविद्यालय में 24 जुलाई से 15 अगस्त 2026 तक संचालित नशा मुक्त भारत अभियान पखवाड़ा की श्रृंखला का एक महत्वपूर्ण कार्यक्रम है। अभियान के अंतर्गत व्याख्यान, वेबिनार, नुक्कड़ नाटक, योग, स्वच्छता अभियान, वृक्षारोपण, जागरूकता सभाएँ, स्लोगन लेखन, नाटक प्रतियोगिता सहित विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इन प्रतियोगिताओं के विजेताओं को 15 अगस्त 2026 को स्वतंत्रता दिवस समारोह के अवसर पर विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. सत्यकाम द्वारा सम्मानित किया जाएगा।
एक अन्य सूचनानुसार नशा मुक्त भारत अभियान पखवाड़ा के अंतर्गत विश्वविद्यालय के समाज विज्ञान विद्याशाखा के तत्वावधान में बुधवार को होने वाला स्लोगन बोर्ड सहित पैदल मार्च का आयोजन बारिश के कारण स्थगित कर दिया गया। प्रोफेसर एस कुमार, निदेशक, समाज विज्ञान विद्या शाखा ने बताया कि इस आयोजन के संबंध में पुनः सूचना जारी की जाएगी।
