सर्प दंश से महिला की मौत, गरीब परिवार पर टूटा दुखों का पहाड
आदर्श सहारा टाइम्स
कौशांबी। ग्राम फरीदपुर सुलेम में गुरुवार की शाम को सीमा देवी पत्नी रामराज साहू (53 वर्ष)की सांप के काटने से मौत हो गई। घटना उस समय हुई जब सीमा देवी शाम करीब 5 बजे अपने घर के आंगन में काम कर रही थीं, तभी अचानक एक जहरीले सांप ने उन्हें डस लिया।
परिजनों ने पहले झाड़-फूंक का सहारा लिया, लेकिन जब हालत बिगड़ती गई तो उन्हें पास के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। हालांकि काफी कोशिशों के बाद भी शुक्रवार सुबह करीब 5 बजे उनकी मौत हो गई।
सीमा देवी का परिवार पूरी तरह से गरीब और भूमिहीन है। पति रामराज साहू मेहनत-मजदूरी कर किसी तरह परिवार का गुजारा कर रहे थे। महिला के दो बेटे – शुभम (21) और सौरभ साहू (25) – अभी पूरी तरह से मां-बाप के सहारे ही थे। इस हादसे के बाद परिवार में मातम छाया हुआ है।
गांव के लोगों और रिश्तेदारों का कहना है कि यदि समय पर सही इलाज मिल जाता, तो शायद सीमा देवी की जान बच सकती थी।
गांव वालों ने शासन-प्रशासन से मांग की है कि पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता दी जाए, ताकि इस संकट की घड़ी में उन्हें कुछ राहत मिल सके।
यह घटना जिले में स्वास्थ्य सेवाओं और जागरूकता की कमी को भी उजागर करती है, जहाँ अब भी झाड़-फूंक को प्राथमिक उपचार समझा जाता है।
