उरुवा खंड विकास अधिकारी श्रुति शर्मा की कार्यशैली पर प्रधान संघ की नाराजगी

उरुवा खंड विकास अधिकारी श्रुति शर्मा की कार्यशैली पर प्रधान संघ की नाराजगी

आदर्श सहारा टाइम्स

मेजा, प्रयागराज। उरुवा खंड विकास अधिकारी श्रुति शर्मा की कार्यशैली पर प्रधान संघ की नाराजगी
उरूवा में पंचायतों के विकास कार्यों को लेकर प्रधान संघ ने खंड विकास अधिकारी (बीडीओ) श्रुति शर्मा की कार्यशैली पर नाराजगी व्यक्त की है। प्रधानों का आरोप है कि जांच और सत्यापन के नाम पर सचिवों तथा पंचायत प्रतिनिधियों पर अनावश्यक दबाव बनाया जा रहा है, जिससे गांवों में चल रहे विकास कार्य प्रभावित हो रहे हैं।
प्रधान संघ का आरोप है कि बीडीओ ने सचिवों को निर्माण सामग्री की खरीद के लिए शहर की कुछ चुनिंदा दुकानों से ही सामग्री लेने के निर्देश दिए हैं। आरोप है कि सचिवों को मम्फोर्डगंज रोड स्थित दुकानों से ही निर्माण सामग्री खरीदने के लिए बाध्य किया जा रहा है।
इस निर्देश के कारण पंचायतों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है, क्योंकि शहर से सामग्री मंगाने पर परिवहन खर्च काफी बढ़ जाता है। प्रधानों का कहना है कि उरूवा क्षेत्र में पहले से ही कई पंजीकृत और सक्षम दुकानें उपलब्ध हैं। इसके बावजूद ब्लॉक स्तर पर सीमित दुकानों से सामग्री खरीदने का दबाव स्थानीय व्यापारियों की उपेक्षा कर रहा है और पंचायतों की स्वायत्तता पर भी सवाल खड़े कर रहा है।
इस मामले को लेकर प्रधान संघ ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा है और निष्पक्ष जांच की मांग की है। संघ का कहना है कि विकास कार्यों की जांच आवश्यक है, लेकिन उसके नाम पर बार-बार नोटिस जारी करना और कार्यों में बाधा डालना उचित नहीं है। इससे गांवों में विकास कार्य रुक रहे हैं और जनता को परेशानी हो रही है।
उरूवा के प्रधान संघ द्वारा खंड विकास अधिकारी श्रुति शर्मा के आदेशों और कार्यशैली की जांच कराने की मांग की है, ताकि विकास कार्य बिना किसी बाधा के सुचारु रूप से चल सकें। इस पूरे मामले को लेकर क्षेत्र के पंचायत प्रतिनिधियों में रोष व्याप्त है। वहीं, खंड विकास अधिकारी श्रुति शर्मा ने आरोपों पर कहा कि यदि आरोप हैं तो जांच करवाई जाए, वह जांच के लिए तैयार हैं और जो भी दोषी पाया जाएगा उसके खिलाफ कार्रवाई होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *