छात्र-छात्राओं को मिला सम्मान, खिले चेहरे

छात्र-छात्राओं को मिला सम्मान, खिले चेहरे

आदर्श सहारा टाइम्स

मेजा, प्रयागराज। विकासखंड मेजा अंतर्गत ग्राम सभा लूतर में विगत एक वर्ष से संचालित जेडी कोचिंग क्लासेस द्वारा नव वर्ष के अवसर पर एक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर कोचिंग संस्थान में अध्ययनरत मेधावी व नियमित छात्र-छात्राओं को सम्मानित कर उन्हें नव वर्ष की शुभकामनाएं दी गईं। सम्मान पाकर बच्चों के चेहरों पर खुशी और आत्मविश्वास साफ झलक रहा था।
कार्यक्रम की शुरुआत बच्चों के उत्साहवर्धन और शिक्षा के महत्व पर चर्चा के साथ हुई। कोचिंग सेंटर के संचालक राजेश कुमार सोनकर एवं विजय कुमार ने संयुक्त रूप से बताया कि जेडी कोचिंग क्लासेस का मुख्य उद्देश्य गरीब, असहाय और दीन-हीन बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि समाज में ऐसे कई बच्चे हैं, जिनके पास पढ़ने का साधन नहीं है और न ही कोई सहारा है। ऐसे बच्चों को निःशुल्क शिक्षा देकर उन्हें आत्मनिर्भर बनाना ही संस्थान का लक्ष्य है।
संचालकों ने बताया कि कोचिंग सेंटर में प्राइमरी से लेकर हाई स्कूल तक के छात्र-छात्राओं को नियमित रूप से पढ़ाया जाता है। यहां न केवल पाठ्यक्रम की पढ़ाई कराई जाती है, बल्कि बच्चों के नैतिक, बौद्धिक और सामाजिक विकास पर भी विशेष ध्यान दिया जाता है। समय-समय पर टेस्ट, मार्गदर्शन सत्र और अभिभावक-शिक्षक संवाद के माध्यम से बच्चों की प्रगति की समीक्षा की जाती है।
सम्मान समारोह के दौरान उपस्थित अतिथियों ने भी बच्चों को मेहनत, अनुशासन और लगन से पढ़ाई करने की सीख दी। शिक्षामित्र जगदीश कुमार ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र में इस तरह के शिक्षण संस्थान बच्चों के भविष्य को संवारने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने कोचिंग संचालकों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि समाज के कमजोर वर्ग के बच्चों को शिक्षा से जोड़ना एक सराहनीय कार्य है।
कार्यक्रम में महेश सोनकर, राजेश सोनकर, प्रफुल्ल, शिव बाबू सोनकर, नमस्ते यादव, अशर्फीलाल पाल, विमल कुमार, सुरेश चंद्र, रामप्यारे सोनकर, सुरेश कुमार सहित अन्य गणमान्य लोग एवं अभिभावक उपस्थित रहे। अभिभावकों ने भी कोचिंग के कार्यों की प्रशंसा करते हुए कहा कि इस संस्थान से उनके बच्चों को बेहतर मार्गदर्शन मिल रहा है।
अंत में बच्चों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए कार्यक्रम का समापन किया गया। सम्मान पाकर छात्र-छात्राओं का उत्साह दोगुना हो गया और उन्होंने और बेहतर प्रदर्शन करने का संकल्प लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *