स्वदेशी अपनाकर ही भारत बनेगा विश्व गुरु: सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज ने निकाली स्वदेशी जागरूकता रैली
आदर्श सहारा टाइम्स
प्रयागराज । सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज के छात्र-छात्राओं द्वारा आज नगर में भव्य ‘स्वदेशी जागरूकता रैली’ का आयोजन किया गया। स्वामी विवेकानंद जयंती (राष्ट्रीय युवा दिवस) के उपलक्ष्य में निकाली गई| इस रैली के माध्यम से युवाओं ने नागरिकों को विदेशी वस्तुओं का त्याग कर स्वदेशी उत्पादों को अपनाने का संदेश दिया।
रैली का शुभारंभ विद्यालय के प्रधानाचार्य सुरेश चन्द्र तिवारी और मुख्य अतिथि विद्यालय के सम्मानित प्रबंधक अनिल बाबू जायसवाल एवं विद्वत परिषद प्रमुख सतीश कुमार गुप्त जी ने हरी झंडी दिखाकर किया। भारत माता के जयघोष और “स्वदेशी अपनाओ-देश बचाओ” के नारों से पूरा नगर गूंज उठा। विद्यालय के भैया बहिनों ने अपने हाथों में स्वदेशी को पुष्ट करने वाले स्लोगन लिखें हुए तख्तियां लिए हुए थे, जिन पर आत्मनिर्भर भारत और स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने वाले प्रेरक वाक्य लिखे हुए थे।
इस अवसर पर आयोजित सभा को संबोधित करते हुए प्रधानाचार्य ने कहा कि देश की अर्थव्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए स्वदेशी का मार्ग अपनाना अनिवार्य है। उन्होंने विद्यार्थियों से आग्रह किया कि वे अपने दैनिक जीवन में केवल भारत निर्मित वस्तुओं का ही उपयोग करने का संकल्प लें। रैली विद्यालय प्रांगण से शुरू होकर भरद्वाज(अल्लापुर ) के मुख्य बाजार, लेबर चौराहा, मटियारा रोड़, टैक्सी स्टैंड बाघम्बरी रोड़ मार्ग से होते हुए वापस विद्यालय पर संपन्न हुई। कार्यक्रम के समापन के अवसर पर विद्यालय के प्रबंधक एवं विद्वत प्रमुख ने अपनी शुभकामनायें देते हुए सभी भैया बहिनों को स्वदेशी वस्तुओं का उपयोग करते हुए स्वदेश, स्वराष्ट्र के उन्नयन के लिए निरंतर कार्य करते रहने का आग्रह करते हुए अपनी शुभकामनायें दी | इस कार्यक्रम का नगर व्यापारियों और स्थानीय नागरिकों ने पुष्प वर्षा कर छात्रों का उत्साहवर्धन किया। कार्यक्रम में विद्यालय के सभीआचार्य बंधु भगिनी, सम्मानित प्रबंध समिति, सम्मानित नगर के नागरिक एवं बड़ी संख्या में भैया बहिनों की गरिमामय उपस्थिति रही।
