भाभी ने तिलक लगाकर नम आँखों से अग्निवीर देवर को किया राष्ट्र सेवा के लिए विदा, देवर ने सलामी देकर बढ़ाया परिवार का गौरव
आदर्श सहारा टाइम्स
प्रयागराज। ग्राम डांडो (रोकड़ी) में शनिवार को राष्ट्रभक्ति, पारिवारिक संस्कार और भावनाओं से ओत-प्रोत एक प्रेरणादायी दृश्य देखने को मिला। अग्निवीर प्रशिक्षण पूर्ण कर अवकाश पर घर आए युवा आयुष शर्मा के पुनः राष्ट्र सेवा के लिए रवाना होने से पूर्व वरिष्ठ साहित्यकार एवं समाजसेवी रमेश कुमार शर्मा के आवास सिरसा पर उनका सम्मान एवं विदाई समारोह आयोजित किया गया।
भारतीय संस्कृति की परंपरा को जीवंत करते हुए श्री रमेश कुमार शर्मा की धर्मपत्नी सुनीता शर्मा एवं बहू प्रिन्शी शर्मा (अतिथि सहायक आचार्या) ने चंदन का तिलक, मंगल आरती और पुष्पवर्षा कर आयुष शर्मा का भव्य स्वागत किया। विदाई की घड़ी में भाभी प्रिन्शी शर्मा ने नम आँखों से देवर के मस्तक पर विजय तिलक लगाकर राष्ट्र सेवा के लिए विदा किया, वहीं अग्निवीर आयुष शर्मा ने पूरे सम्मान और गर्व के साथ सलामी देकर परिवार के संस्कारों एवं देशभक्ति के प्रति अपनी प्रतिबद्धता का परिचय दिया। इस भावुक पल ने उपस्थित सभी लोगों की आँखें नम कर दीं।
कार्यक्रम के दौरान दोनों परिवारों ने आत्मीय वातावरण में एक साथ भोजन किया तथा अग्निवीर प्रशिक्षण, सैन्य जीवन के अनुभवों और आगामी जम्मू तैनाती को लेकर विस्तार से चर्चा की। वरिष्ठ साहित्यकार रमेश कुमार शर्मा ने कहा कि राष्ट्र की सुरक्षा में समर्पित युवा ही देश की वास्तविक शक्ति हैं। उनका साहस, अनुशासन और समर्पण नई पीढ़ी के लिए प्रेरणा का स्रोत है।
उन्होंने कहा कि सैनिक केवल अपने परिवार का ही नहीं, बल्कि पूरे राष्ट्र का गौरव होते हैं। ऐसे वीर जवानों के सम्मान और मनोबल को बढ़ाना प्रत्येक नागरिक का नैतिक दायित्व है।
यह आयोजन केवल एक पारिवारिक मिलन या विदाई समारोह नहीं रहा, बल्कि राष्ट्रप्रेम, पारिवारिक मूल्यों और भारतीय संस्कृति की गौरवशाली परंपरा का जीवंत संदेश बन गया। उपस्थित लोगों ने आयुष शर्मा के उज्ज्वल भविष्य एवं सफल सैन्य जीवन की कामना करते हुए उनके सुरक्षित और गौरवपूर्ण राष्ट्रसेवा की शुभकामनाएँ दीं।
