जनता की समस्याओं का समाधान सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता
: केशव प्रसाद मौर्य
उप मुख्यमंत्री ने प्रयागराज में ‘जनता दर्शन’ के माध्यम से सुनीं जनसमस्याएं, अधिकारियों को दिए त्वरित निस्तारण के निर्देश
जनप्रतिनिधियों के साथ स्थानीय विषयों पर की चर्चा, विकास कार्यों और जनहित से जुड़े मुद्दों पर लिया फीडबैक
जनता की अपेक्षाओं के अनुरूप संवेदनशीलता और तत्परता के साथ कार्य करें अधिकारी
: उप मुख्यमंत्री
आदर्श सहारा टाइम्स
लखनऊ/ प्रयागराज। उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने आज सर्किट हाउस, प्रयागराज में मा. जनप्रतिनिधिगण के साथ बैठक कर जनपद एवं क्षेत्र से जुड़े विभिन्न स्थानीय विषयों पर विस्तृत चर्चा की। उन्होंने जनप्रतिनिधियों से क्षेत्र की विकास आवश्यकताओं, जनहित से जुड़े विषयों तथा स्थानीय स्तर पर सामने आ रही समस्याओं की जानकारी प्राप्त की और संबंधित अधिकारियों को जनप्रतिनिधियों के सुझावों एवं जनअपेक्षाओं के अनुरूप प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक के उपरांत उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने ‘जनता दर्शन’ के माध्यम से प्रयागराज एवं आसपास के क्षेत्रों से आए स्थानीय नागरिकों से सीधे संवाद किया। उन्होंने लोगों की समस्याओं और शिकायतों को पूरी संवेदनशीलता एवं गंभीरता के साथ सुना तथा संबंधित अधिकारियों को उनके समुचित एवं समयबद्ध निस्तारण के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
‘जनता दर्शन’ में बड़ी संख्या में नागरिकों ने अपनी व्यक्तिगत एवं क्षेत्रीय समस्याओं से उप मुख्यमंत्री को अवगत कराया। श्री मौर्य ने प्रत्येक फरियादी की बात को ध्यानपूर्वक सुना और संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनसमस्याओं के निस्तारण में किसी भी प्रकार की शिथिलता न बरती जाए। उन्होंने कहा कि शासन की योजनाओं और सुविधाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाना तथा आम नागरिकों की समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है।
उप मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनसामान्य की शिकायतों को केवल औपचारिकता के रूप में न लिया जाए, बल्कि प्रत्येक प्रकरण का संवेदनशीलता के साथ परीक्षण कर नियमानुसार प्रभावी समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि आमजन को अपनी समस्या के समाधान के लिए अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें, इसके लिए अधिकारी शिकायतों के निस्तारण में तत्परता और जवाबदेही के साथ कार्य करें।
श्री मौर्य ने कहा कि जनता दर्शन सरकार और जनता के बीच सीधे संवाद का महत्वपूर्ण माध्यम है। इसका उद्देश्य आम नागरिकों की समस्याओं को सीधे सुनना, उनकी वास्तविक स्थिति को समझना और संबंधित अधिकारियों के माध्यम से उनका प्रभावी समाधान सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार की प्राथमिकता है कि विकास योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचे और प्रत्येक नागरिक को सुशासन का अनुभव हो।
उप मुख्यमंत्री ने जनप्रतिनिधियों से भी अपेक्षा की कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में जनता से निरंतर संवाद बनाए रखें और स्थानीय समस्याओं को प्रशासन के समक्ष प्रभावी ढंग से रखें, ताकि जनहित से जुड़े विषयों का शीघ्र समाधान सुनिश्चित किया जा सके। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों और प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय से विकास कार्यों को और गति मिलती है तथा जनता की अपेक्षाओं को प्रभावी ढंग से पूरा किया जा सकता है।
उन्होंने अधिकारियों को यह भी निर्देश दिए कि जनप्रतिनिधियों द्वारा उठाए गए जनहित के विषयों को प्राथमिकता के आधार पर लेते हुए नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाए। विकास कार्यों की गुणवत्ता, समयबद्धता और पारदर्शिता पर विशेष ध्यान दिया जाए तथा जनहित से जुड़े कार्यों में किसी भी स्तर पर लापरवाही न हो।
