मेजा के सिरखिड़ी में उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने की ग्राम चौपाल, योजनाओं के लाभार्थियों को बांटे प्रमाण पत्र

मेजा के सिरखिड़ी में उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने की ग्राम चौपाल, योजनाओं के लाभार्थियों को बांटे प्रमाण पत्र

 

आदर्श सहारा टाइम्स

 

मेजा, प्रयागराज। उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य मंगलवार को यमुनापार के मेजा क्षेत्र स्थित सिरखिड़ी गांव पहुंचे, जहां आयोजित ग्राम चौपाल में उन्होंने ग्रामीणों से संवाद किया और विभिन्न विकास योजनाओं की समीक्षा की।

उप मुख्यमंत्री के आगमन पर भाजपा जिलाध्यक्ष राजेश शुक्ला ने उन्हें गदा भेंट कर सम्मानित किया। वहीं राजमणि कोल ने चांदी का मुकुट पहनाकर उनका स्वागत किया।

ग्राम चौपाल को संबोधित करते हुए उप मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा महिलाओं को अधिक से अधिक प्रतिनिधित्व और आरक्षण देने के लिए प्रतिबद्ध है तथा सरकार समाज के हर वर्ग के उत्थान के लिए लगातार कार्य कर रही है।

इस दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के साथ-साथ वृद्धावस्था पेंशन के लाभार्थियों को प्रतीकात्मक प्रमाण पत्र वितरित किए। उन्होंने शिक्षा, स्वास्थ्य एवं आंगनबाड़ी विभाग द्वारा लगाई गई प्रदर्शनी का अवलोकन कर योजनाओं की जानकारी ली।

कार्यक्रम के दौरान उप मुख्यमंत्री ने छोटे बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार कराया तथा गर्भवती महिलाओं की गोदभराई की रस्म भी संपन्न कराई। ग्राम चौपाल में ग्रामीणों की समस्याएं सुनकर संबंधित अधिकारियों को उनके शीघ्र समाधान के निर्देश दिए।

इस अवसर पर जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, भाजपा पदाधिकारी, आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *