आर.के. स्कूल ऑफ नर्सिंग में विश्व हेपेटाइटिस दिवस का हुआ आयोजन
आदर्श सहारा टाइम्स
नैनी । आर.के. स्कूल ऑफ नर्सिंग में विश्व हेपेटाइटिस दिवस के अवसर पर संस्थान सभागार में जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्रों को हेपेटाइटिस रोग के प्रति जागरूक करना तथा इसके बचाव, समय पर जाँच एवं उपचार के महत्व को समझाना था।
कार्यक्रम का शुभारंभ संस्थाध्यक्ष डॉ आशुतोष त्रिपाठी के जागरूकता व्याख्यान से हुआ, जिसमें हेपेटाइटिस के कारण, लक्षण, संक्रमण के तरीके, बचाव के उपाय तथा उपचार संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी दी गई। उन्होंने बताया कि हेपेटाइटिस एक गंभीर लेकिन रोकथाम योग्य बीमारी है। सुरक्षित जीवनशैली अपनाकर, स्वच्छता बनाए रखकर, सुरक्षित रक्त एवं इंजेक्शन का उपयोग कर तथा हेपेटाइटिस-बी का टीकाकरण कर इस बीमारी से बचाव किया जा सकता है।
इस अवसर पर विद्यार्थियों ने स्वास्थ्य जागरूकता गतिविधियों में उत्साहपूर्वक भाग लिया और समाज में हेपेटाइटिस के प्रति जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम के माध्यम से सभी को नियमित स्वास्थ्य जाँच कराने तथा समय पर उपचार लेने के लिए प्रेरित किया गया।
संस्था प्राचार्या श्रीमती विक्टोरिया देवी ने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि एक नर्स का दायित्व केवल रोगियों की सेवा करना ही नहीं, बल्कि समाज को स्वास्थ्य संबंधी सही जानकारी देकर बीमारियों की रोकथाम में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाना है।
कार्यक्रम का समापन एच0 आर0 श्री ओम प्रकाश शर्मा सहित शिक्षकों एवं छात्रों के द्वारा यह संकल्प लेने के साथ हुआ कि वे अपने परिवार एवं समाज में हेपेटाइटिस के प्रति जागरूकता फैलाकर स्वस्थ भारत के निर्माण में अपना योगदान देंगे।
