सेवा संकल्प अभियान के तहत 17 सितम्बर से 17 अक्टूबर तक जनपद में होंगे विविध कार्यक्रम

सेवा संकल्प अभियान के तहत 17 सितम्बर से 17 अक्टूबर तक जनपद में होंगे विविध कार्यक्रम

जिलाधिकारी ने सभी सम्बंधित विभागों के अधिकारियों को सौंपे गये दायित्वों का जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करते हुए कार्यक्रम को सकुशल एवं सुव्यवस्थित ढंग से सम्पन्न कराये जाने के दिए निर्देश

आदर्श सहारा टाइम्स

प्रयागराज । जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा की अध्यक्षता में शनिवार को संगम सभागार में सेवा संकल्प अभियान-2026 के सफल आयोजन के सम्बंध में बैठक आयोजित की गयी। बैठक में जिलाधिकारी ने बताया कि सेवा संकल्प अभियान 17 सितम्बर से 17 अक्टूबर तक चलेगा, जिसके अन्तर्गत संकल्प का दीया, 25 करोड़ बच्चों के सपनों का भारत, नमो सेवा गाथा, आंगन का उत्सव, कहानी बदलाव की, विकसित भारत संकल्प यात्रा, सेवा ज्योति यात्रा, सेवा मेरा योगदान, सेवा सेतु अभियान, सरकार आपके द्वार, रंगोली राष्ट्र, राष्ट्रीय इनोवेशन चौलेंज, जनसेवा महाकुम्भ के अन्तर्गत विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जायेगा। इसके साथ ही साथ अन्य विशेष कार्यक्रम भी आयोजित किए जायेंगे।
जिलाधिकारी ने कहा कि ‘‘आर्शीवाद का दिया’’ कार्यक्रम का आयोजन 17 सितम्बर को होगा, जिसके अन्तर्गत सभी प्रमुख इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट, नदी, घाटों, प्रमुख मंदिरों, पार्कों, विद्यालयों, महाविद्यालयों एवं चिकित्सालयों में विशेष दीप प्रज्जवलन का कार्यक्रम किया जायेगा। इसके साथ ही साथ केन्द्र तथा राज्य सरकार की योजनाओं से लाभान्वित परिवारों द्वारा सायं 07ः00 बजे अपने घर पर दीप प्रज्जवलन किया जायेगा।
25 करोड़ बच्चों के सपनों का भारत कार्यक्रम के अन्तर्गत प्रत्येक शासकीय एवं निजी विद्यालयों में कक्षा पांच से आठ तक हेतु ड्राइंग का कार्यक्रम तथा कक्षा 09 से 12 हेतु भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया जायेगा। उच्च शिक्षा संस्थानों में युवाओं से संवाद तथा विकसित भारत विकसित उत्तर प्रदेश की थीम पर वाद-विवाद प्रतियोगिता के आयोजन सहित अन्य कार्यक्रमों का आयोजन किया जायेगा। नमो सेवा गाथा कार्यक्रम के अन्तर्गत सांस्कृतिक नुक्कड़ नाटक प्रस्तुति, ग्राम पंचायत स्तर, सामुदायिक केन्द्रों एवं विद्यालयों सहित प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर मंचन तथा 02 अक्टूबर को प्रमुख स्थलों पर विशेष एवं व्यापक मंचन किया जायेगा।
आंगन का उत्सव कार्यक्रम के अन्तर्गत आंगनबाड़ी केन्द्र पर तीन दिवसीय उत्सव एवं संवाद कार्यक्रम, आशा बहुओं, आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों, सहायिकाओं एवं उत्कृष्ट लाभार्थी माताओं का सावर्जनिक सम्मान कार्यक्रम, हेल्दी बेबी प्रतियोगिताओं का आयोजन, अतिरिक्त पोषाहार सामग्री वितरण का कार्यक्रम, बच्चों को कॉमिक्स बुक्स, पौष्टिक फल एवं मिठाई के वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया जायेगा। कहानी बदलाव कार्यक्रम के अन्तर्गत वृहद अवस्थापना एवं जनउपयोगी परियोजनाओं एवं योजनाओं से लाभार्थियों के जीवन में आयें सकारात्मक बदलाव पर रील्स बनाना। सेवा ज्योति यात्रा के अन्तर्गत प्रमुख चौराहों पर स्थायी अखण्ड सेवा ज्योति की स्थापना, जनपद के विभिन्न कोनो से पैदल, साइकिल एवं बाईक रैली का मुख्य चौराहों पर आयोजन, विकसित भारत 2047 का सामूहिक संकल्प, सफाई, स्वच्छता एवं भीड़ प्रबंधन से सम्बंधित कार्यक्रम का आयोजन किया जायेगा। सेवा मेरा योगदान कार्यक्रम के अन्तर्गत स्वच्छता अभियान, नंदी घाट सफाई, सघन वृक्षारोपण, रक्त दान, स्वास्थ्य शिविर, वंचित बच्चों को शिक्षा सहयोग, अंगदान संकल्प, नशामुक्त भारत, मतदाता जागरूकता, वोकल फार लोकल, गौशाला, स्कूल एवं सरकारी योजनाओं के सम्बंध में जनजागरूकता कार्यक्रम किया जायेगा। इसके साथ ही साथ प्रत्येक विधान सभा में न्यूनतम 2 स्थलों पर कायाकल्प, प्रत्येक नागरिक कम से कम 25 मिनट श्रमदान का कार्य कर माई भारत पोर्टल पर वीडियो अपलोड करने सहित अन्य कार्यक्रमों का आयोजन किया जायेगा। सेवा सेतु अभियान-सरकार आपके द्वारा कार्यक्रम के अन्तर्गत प्रत्येक विकास खण्ड स्तर पर 7 बहुउद्देशीय शिविरों का आयोजन, स्टॉल का आयोजन, स्वास्थ्य मेला, केन्द्र एवं राज्य सरकार के समस्त योजनाओं की जानकारी एक ही स्थान पर उपलब्ध कराना, आन द स्पाट फार्म भरना एवं पात्रता का सत्यापन करते हुए 100 प्रतिशत सैचुरेशन का कार्य किया जायेगा।
रंगोली राष्ट्र एवं घर घर से राष्ट्र कार्यक्रम के अन्तर्गत चिन्हित सार्वजनिक स्थलों पर 108 मीटर व्यास का भारत मण्डल एवं भव्य ह्यूमन रंगोली का कार्यक्रम सहित अन्य विविध कार्यक्रमों का आयोजन किया जायेगा।
17 सितम्बर से 17 अक्टूबर तक चलने वाले सेवा संकल्प अभियान कार्यक्रम के लिए मुख्य विकास अधिकारी को नोडल अधिकारी नामित किया गया है। इसके साथ ही साथ जिलाधिकारी ने प्रत्येक कार्यक्रमों के लिए अलग से एक-एक नोडल अधिकारी नामित किए जाने के लिए कहा है। उन्होंने सभी सम्बंधित विभागों के अधिकारियों को सेवा संकल्प अभियान के सफल आयोजन हेतु कार्ययोजना बनाकर उसी के अनुसार सभी कार्यक्रम सम्पन्न कराये जाने के निर्देश दिए है। उन्होंने सभी सम्बंधित अधिकारियों को सोंपे गये दायित्वों का पूरी तनमयता के साथ निर्वहन करते हुए कार्यक्रम को सफल बनाये जाने के लिए कहा है।
इस अवसर पर नगर आयुक्त सीलम सांई तेजा, जिला विकास अधिकारी जी0पी0 कुशवाहा, परियोजना निदेशक भूपेन्द्र सिंह, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अनिल कुमार सहित अन्य अधिकारीगण उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *