पचदेवरा रेलवे क्रॉसिंग पर ट्रेन की चपेट में आने से युवक की मौत, गांव में मचा कोहराम

पचदेवरा रेलवे क्रॉसिंग पर ट्रेन की चपेट में आने से युवक की मौत, गांव में मचा कोहराम

आदर्श सहारा टाइम्स

करछना,प्रयागराज। करछना थाना क्षेत्र के पचदेवरा गांव स्थित ओवरब्रिज रेलवे क्रॉसिंग पर रविवार को ट्रेन की चपेट में आने से करीब 30 वर्षीय युवक की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे की जानकारी मिलते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी। मृतक की पहचान पचदेवरा गांव निवासी आनंद शुक्ला के रूप में हुई है। बताया गया कि आनंद शुक्ला पूर्व कानूनगो के पद से सेवानिवृत्त सूर्यकांत शुक्ला के बड़े पुत्र थे। परिवार में उनके दो बेटियां और तीन बेटे हैं। आनंद शुक्ला की भी दो छोटी बेटियां हैं, जिनकी उम्र करीब 7 वर्ष और 5 वर्ष बताई जा रही है।
ट्रेन की चपेट में आने से युवक की मौत की खबर जैसे ही पचदेवरा गांव में पहुंची, बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। हादसे से परिवार में कोहराम मच गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। गांव में भी शोक की लहर दौड़ गई।
सूचना मिलने पर करछना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई की। पुलिस द्वारा घटना के संबंध में आवश्यक अग्रिम कार्रवाई की जा रही है। हादसा किन परिस्थितियों में हुआ, इसे लेकर पुलिस जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *