मेजा क्षेत्र में तालाब में डूबने से युवक की संदिग्ध मौत, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका

मेजा क्षेत्र में तालाब में डूबने से युवक की संदिग्ध मौत, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका

आदर्श सहारा टाइम्स

मेजा, प्रयागराज। मेजा क्षेत्र के अमोरा गांव में रविवार की दोपहर उस समय हड़कंप मच गया, जब गांव निवासी पवन पुत्र स्व. कृष्णावतार (30 वर्ष) की संदिग्ध परिस्थितियों में तालाब में डूबने से मौत हो गई। युवक का शव तालाब में उतराता हुआ मिलने के बाद ग्रामीणों ने इसकी सूचना परिजनों को दी। बताया जा रहा है कि पवन घर से बिना बताए कहीं चला गया था। कुछ समय बाद उसका शव गांव के तालाब में उतराता मिला। युवक तालाब तक कैसे पहुंचा और किन परिस्थितियों में उसकी डूबने से मौत हुई, इसको लेकर अभी स्थिति स्पष्ट नहीं हो सकी है। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और युवक को आनन-फानन में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रामनगर ले गए, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलने पर मेजारोड चौकी प्रभारी हरिओम सिंह तथा रामनगर चौकी प्रभारी अभिनव उपाध्याय पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ ही शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं, युवक की मौत को लेकर परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। परिजनों की ओर से मेजा पुलिस को तहरीर देकर मामले की जांच और आवश्यक कार्रवाई की मांग की गई है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाया जाएगा।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच-पड़ताल में जुटी है। युवक की मौत से परिवार में कोहराम मचा हुआ है, जबकि गांव में भी घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं बनी हुई हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *