मेजा क्षेत्र में युवक के टावर पर चढ़ने से मचा हड़कंप, तत्परता से सुरक्षित उतारा गया नीचे
आदर्श सहारा टाइम्स
मेजा, प्रयागराज। मेजा थाना क्षेत्र के अंतर्गत सोनार का तारा इलाके में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक युवक अचानक बिजली टावर पर चढ़ गया। युवक को टावर पर चढ़ा देखकर आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया। मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पीआरवी-112 की टीम मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद युवक को सकुशल टावर से नीचे उतरवाया।

जानकारी के अनुसार, मेजा थाना क्षेत्र के सिमेरी का पूरा, उचडीह बाजार गांव निवासी लाल बाबू भारतीय के बारे में ग्रामीणों का आरोप है कि वह कथित तौर पर शराब के नशे में आए दिन बिजली टावर पर चढ़ जाता है। उसके इस तरह के व्यवहार से परिवार के लोगों के साथ-साथ आसपास के ग्रामीणों और पुलिसकर्मियों को भी काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। बताया जाता है कि जब भी युवक टावर पर चढ़ता है, तो परिजन और ग्रामीण उसे समझाने-बुझाने में जुट जाते हैं। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंचकर उसे सुरक्षित नीचे उतारती है।
ग्रामीणों का कहना है कि युवक की इस तरह की हरकतें अब लगातार चिंता का विषय बनती जा रही हैं। टावर पर चढ़ने की घटना से न केवल युवक की जान को खतरा रहता है, बल्कि आसपास रहने वाले लोगों में भी भय और दहशत का माहौल बना रहता है। खासकर छोटे बच्चों की सुरक्षा को लेकर ग्रामीण चिंतित हैं। उनका कहना है कि यदि समय रहते इस समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया, तो कोई बड़ी अनहोनी हो सकती है।
ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि पुलिस द्वारा हर बार युवक को सुरक्षित नीचे उतारकर मामला शांत करा दिया जाता है, लेकिन ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए अब तक कोई प्रभावी कदम नजर नहीं आया है। लोगों का कहना है कि केवल मौके पर पहुंचकर युवक को नीचे उतारना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उसकी इस आदत के पीछे के कारणों को समझकर उचित कार्रवाई और आवश्यक मदद की व्यवस्था भी की जानी चाहिए।
घटना को लेकर ग्रामीणों में पुलिस प्रशासन के प्रति नाराजगी देखी जा रही है। ग्रामीणों ने संबंधित अधिकारियों से मांग की है कि मामले को गंभीरता से लेते हुए युवक और उसके परिवार की उचित काउंसलिंग कराई जाए तथा भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए ठोस कदम उठाए जाएं।
फिलहाल पीआरवी-112 की तत्परता से युवक को सुरक्षित नीचे उतार लिया गया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। हालांकि, बार-बार टावर पर चढ़ने की घटनाओं ने ग्रामीणों की चिंता बढ़ा दी है। अब देखना यह है कि संबंधित पुलिस प्रशासन इस मामले में क्या कदम उठाता है, ताकि भविष्य में किसी अप्रिय घटना को रोका जा सके।
