घर के सामने से चार पहिया वाहन हटाने को लेकर विवाद, युवक के साथ मारपीट
आदर्श सहारा टाइम्स
मेजा, प्रयागराज। मेजा थाना क्षेत्र के सिरसा चौकी अंतर्गत रमकियान मोहल्ला सिरसा में घर के सामने खड़े चार पहिया वाहन को हटाने के लिए कहना एक युवक को भारी पड़ गया। आरोप है कि वाहन हटाने को लेकर हुए विवाद में चार लोगों ने मिलकर युवक के साथ मारपीट कर उसे घायल कर दिया। पीड़ित ने सिरसा चौकी में तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई और न्याय की गुहार लगाई है। पीड़ित शुभम केशरी पुत्र त्रिजुगी नाथ केशरी ने पुलिस को दी गई तहरीर में आरोप लगाया कि उसके घर के सामने चार पहिया वाहन खड़ा था। रास्ते में वाहन खड़ा होने के कारण उसने वाहन हटाने के लिए कहा। इसी बात को लेकर विवाद बढ़ गया। पीड़ित का आरोप है कि अनमोल केशरी पुत्र सूरज केशरी, अंकित, अमन और नीरज केशरी ने मिलकर उसके साथ मारपीट की, जिससे वह घायल हो गया।
घटना के बाद पीड़ित ने मामले की जानकारी परिजनों को दी और उपचार कराने के बाद सिरसा चौकी पहुंचकर पुलिस को लिखित तहरीर दी। पीड़ित ने पुलिस से मामले की जांच कर आरोपियों के खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई किए जाने की मांग की है। वहीं, पुलिस तहरीर के आधार पर मामले की जांच में जुटी है। घटना को लेकर दोनों पक्षों के बीच तनाव की स्थिति बताई जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद तथ्यों के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
