विकास खंड मेजा में FLN प्रशिक्षण के छठे एवं अंतिम बैच का भव्य समापन
आदर्श सहारा टाइम्स
मेजा, प्रयागराज। विकास खंड मेजा के ब्लॉक संसाधन केंद्र में संचालित पाँच दिवसीय FLN (Foundational Literacy and Numeracy) प्रशिक्षण के छठे एवं अंतिम बैच का आज सफलतापूर्वक समापन हुआ। इस प्रकार कुल छ बैचों में 570 शिक्षकों का प्रशिक्षण पूर्ण हुआ । प्रशिक्षण का उद्देश्य शिक्षकों को बुनियादी साक्षरता एवं संख्याज्ञान के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु आवश्यक शैक्षिक समझ, गतिविधि-आधारित शिक्षण विधियों एवं कक्षा-कक्ष प्रबंधन की नवीन तकनीकों से परिचित कराना रहा। प्रशिक्षण के दौरान प्रशिक्षणार्थियों को बच्चों की आयु एवं अधिगम स्तर के अनुरूप शिक्षण, भाषा एवं गणितीय कौशल के विकास, गतिविधि आधारित शिक्षण, आकलन तथा उपचारात्मक शिक्षण सहित विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर व्यवहारिक एवं प्रभावी प्रशिक्षण प्रदान किया गया। प्रशिक्षणार्थियों ने विभिन्न गतिविधियों, समूह कार्य एवं संवादात्मक सत्रों के माध्यम से अपने अनुभव भी साझा किए। संदर्भदाताओं ने कहा कि FLN केवल एक प्रशिक्षण कार्यक्रम नहीं, बल्कि प्रत्येक बच्चे को उसकी आधारभूत शैक्षिक दक्षताओं से सशक्त बनाने का महत्वपूर्ण अभियान है। शिक्षक प्रशिक्षण से प्राप्त ज्ञान एवं कौशल को विद्यालयों में प्रभावी रूप से लागू करते हुए बच्चों के अधिगम स्तर में अपेक्षित सुधार लाने का प्रयास करें। समापन के अवसर पर सभी संदर्भदाताओं प्रवीण द्विवदी,विकास पांडेय,जगदीश निगम ,विकास यादव एवं विमलेश यादव को प्राथमिक शिक्षक संघ अध्यक्ष मनीष तिवारी ,जिलाध्यक्ष वि बी वेलफेयर एसोसिएशन अवनीश मिश्र एवं अटेवा ब्लॉक अध्यक्ष अनुराग पाण्डेय द्वारा अंगवस्त्र,प्रतिमा एवं माल्यापर्ण कर सम्मान किया गया एवं सहयोगी टीम के योगदान की सराहना की गई। उनके सतत मार्गदर्शन, विषयगत सहयोग एवं सक्रिय सहभागिता ने प्रशिक्षण को प्रभावी एवं उद्देश्यपूर्ण बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। खंड शिक्षा अधिकारी कैलाश सिंह के कुशल निर्देशन में छठे एवं अंतिम बैच के सफल समापन के साथ ही विकास खंड मेजा में FLN प्रशिक्षण के निर्धारित सभी बैचों का प्रशिक्षण कार्यक्रम पूर्ण हुआ। प्रशिक्षणार्थियों ने प्रशिक्षण को उपयोगी, ज्ञानवर्धक एवं विद्यालयी शिक्षण के लिए अत्यंत लाभकारी बताया। समापन अवसर पर शिक्षक राम शंकर पांडेय,अनिरुद्ध शुक्ला ,हंसराज पाल ,जिलेदार गौतम,उमापति त्रिपाठी ,प्रकाश सिंह ,फूलचन्द भारती ,बृजेश सिंह ,संगीता कुमारी ,नयनतारा,सुपर्णा बटव्याल ,गीता सहित कुल 70 शिक्षक उपस्थित थे । प्रशिक्षण में बी आर सी प्रभारी रोहित त्रिपाठी ,अरुण कुमार ,क्वालिटी कॉर्डिनेटर ,विनय समदरिया ,पारुल यादव व समस्त बी आर सी स्टाफ का पूर्ण सहयोग रहा ।
