रात से गायब यमुना नदी के किनारे किशोर का शव मिला, मचा सनसनी
आदर्श सहारा टाइम्स
घुरपुर, प्रयागराज । घर से बकरी चराने गए किशोर का शुक्रवार को यमुना नदी में शव मिलने से हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने डॉग स्क्वॉयड और फॉरेंसिक टीम बुलाकर घटना-स्थल की जांच कराकर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
जानकारी अनुसार घूरपुर थाना क्षेत्र के कंजासा गांव निवासी सिपाही लाल निषाद बालू मजदूरी करते हैं। उनके चार बेटों में और एक बेटी में तीसरे नंबर का बेटा रोहित निषाद (13) बृहस्पतिवार को घर से गांव के पास से होकर निकली यमुना नदी की तराई में बकरियां चराने गया था। शाम तक नहीं लौटा तो परिवार के लोग परेशान हो गए। पूरी रात उसकी खोजबीन की गई, लेकिन पता नहीं चला। शुक्रवार को सुबह गांव के कुछ लोग यमुना नदी में नहाने गए तो रोहित का शव नदी में घाट के पास घुटने भर पानी में उतराया दिखा।
लोगों की सूचना पर परिवार के लोग पहुंचे। बेटे का शव देखकर परिजन दहाड़ मारकर रोने लगे। शव को पानी से बाहर निकाला गया तो उसके नाक और मुंह से खून निकल रहा था। सिर में भी चोट के निशान थे। मृतक के परिजनों ने हत्या का आरोप लगाया। घटनास्थल पर पहुंचे थानाध्यक्ष घूरपुर ने फोरेंसिक टीम और डॉग स्क्वॉयड को बुलाकर घटना-स्थल की बारीकी से जांच कराई। किशोर की मौत से परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है। फिलहाल पुलिस प्रशासन जांच पड़ताल में जुटी।