लोक गायिका पद्मश्री मालिनी अवस्थी होंगी मुख्य अतिथि
मुक्त विश्वविद्यालय का 21वां दीक्षांत समारोह 17 जुलाई को
आदर्श सहारा टाइम्स
प्रयागराज। उत्तर प्रदेश राजर्षि टण्डन मुक्त विश्वविद्यालय, प्रयागराज का 21वाँ दीक्षान्त समारोह 17 जुलाई 2026 को विश्वविद्यालय के अटल प्रेक्षागृह में आयोजित किया जाएगा। समारोह की अध्यक्षता उत्तर प्रदेश की महामहिम राज्यपाल एवं विश्वविद्यालय की कुलाधिपति श्रीमती आनंदीबेन पटेल करेंगी। समारोह की मुख्य अतिथि सुप्रसिद्ध लोक गायिका पद्मश्री श्रीमती मालिनी अवस्थी होंगी। उत्तर प्रदेश सरकार में उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपध्याय एवं उच्च शिक्षा राज्यमंत्री श्रीमती रजनी तिवारी विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे।
समारोह में सत्र दिसंबर 2025 एवं जून 2026 की परीक्षा के सापेक्ष दूरस्थ शिक्षा के माध्यम से स्नातक, स्नातकोत्तर, पीएच.डी पाठ्यक्रम पूर्ण करने वाले हजारों छात्र-छात्राओं को उपाधियाँ प्रदान की जाएंगी। उत्कृष्ट छात्रों को कुलाधिपति एवं विश्वविद्यालय स्वर्ण पदक से सम्मानित किया जाएगा।
जनसंपर्क अधिकारी डॉ प्रभात चन्द्र मिश्र ने बताया कि समारोह के पूर्व दीक्षोत्सव का आयोजन भी गोद लिए गांवों में बड़े पैमाने पर किया जाएगा, जिसकी कार्ययोजना तैयार कर ली गई है। कुलपति प्रोफेसर सत्यकाम ने दीक्षान्त समारोह के सकुशल आयोजन के लिए 17 कमेटियों का गठन कर दिया है। ये कमेटियाँ ऑडिटोरियम साज सज्जा, सुरक्षा, पंजीकरण, मेडल निर्धारण, उपाधि वितरण, अतिथि सत्कार, मंच व्यवस्था, मीडिया, अनुशासन, सांस्कृतिक कार्यक्रम और दीक्षोत्सव की व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी संभालेंगी।
दीक्षान्त समारोह से पूर्व गोद लिए गांवों में आयोजित होने वाले दीक्षोत्सव में सांस्कृतिक कार्यक्रम, संगोष्ठी, प्रदर्शनी और छात्रों की प्रतिभा को मंच देने वाले कार्यक्रम शामिल होंगे। उद्देश्य यह है कि छात्र और अतिथि समारोह से पहले ही विश्वविद्यालय के शैक्षणिक और सांस्कृतिक माहौल से जुड़ सकें।
कुलपति प्रो. सत्यकाम ने बताया कि समारोह को भव्य और गरिमापूर्ण बनाने के लिए सभी व्यवस्थाएँ समय से पूरी कर ली जाएँगी। अभी उनका पूरा ध्यान परीक्षाफल समय से घोषित करने पर केंद्रित है। इसके उपरांत जून के अंतिम सप्ताह से दीक्षांत समारोह में शामिल होने वाले शिक्षार्थियों के लिए पंजीकरण की प्रक्रिया प्रारंभ की जाएगी।
समारोह का सीधा प्रसारण विश्वविद्यालय के आधिकारिक यूट्यूब चैनल पर उपलब्ध रहेगा।
