सांसद खेल स्पर्धा में मेजा विधानसभा का दबदबा
मेजा विधानसभा के खिलाड़ियों ने वॉलीबाल, फुटबॉल आदि कई खेलो में जीता मेडल
आदर्श सहारा टाइम्स
मेजा , प्रयागराज । गत दिवस स्थानीय मदन मोहन मालवीय स्पोर्ट्स स्टेडियम,प्रयागराज में खेल एवं युवा कल्याण विभाग और जिला प्रशासन प्रयागराज के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित सांसद स्पर्धा-2025 के अंतर्गत दो दिवसीय जिला स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता संपन्न हुई,जिसमें जिले के कुल 12 विधानसभा क्षेत्र की टीमों ने प्रतिभाग किया था। उपरोक्त जिला स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता में मेजा विधानसभा क्षेत्र की टीमों ने विभिन्न कई खेलों में अपना दबदबा बनाए रखते हुए मेजा क्षेत्र का परचम लहराया। जिसमें सीनियर पुरुष वर्ग की कबड्डी एवं वॉलीबाल प्रतियोगिता में विधानसभा क्षेत्र मेजा की टीम ने इस वर्ष पुनः गोल्ड मेडल जीतकर चैंपियन होने का गौरव हासिल किया। मेजा विधानसभा के प्रभारी क्षेत्रीय युवा कल्याण अधिकारी शिवम सिंह ने बताया कि वॉलीबाल खेल में मेजा क्षेत्र की टीम ने जूनियर (अंडर-19) बालक वर्ग और सब जूनियर (अंडर-16) बालक वर्ग में भी सिल्वर मेडल जीतकर उपविजेता होने का गौरव हासिल किया है। उन्होंने बताया कि उपरोक्त के अतिरिक्त फुटबॉल और एथलेटिक्स खेल की भी कई प्रतियोगिताओं में मेडल जीतकर मेजा विधानसभा का नाम रोशन किया है। खिलाड़ियों द्वारा मेजा विधानसभा क्षेत्र का नाम रोशन करने पर व्यापार मंडल मेजारोड के अध्यक्ष पप्पू उपाध्याय, नित्यानंद उपाध्याय, विधायक संदीप पटेल, राजू शुक्ला, आशीष मिश्रा, ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि उरुवा पप्पू गौतम, सुशील मिश्रा, ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि मेजा गंगा मिश्रा, जिला वॉलीबाल संघ प्रयागराज के महासचिव आर.पी.शुक्ला, अभिषेक तिवारी, शैलेश पांडेय, बाबा तिवारी, मनीष तिवारी, अमरेश तिवारी, नितेश तिवारी, शिव उपाध्याय, विनोद शुक्ला व दिलीप शुक्ला आदि कई समाज सेवकों ने बधाइयां देकर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।।
