प्रयागराज सीडीओ ने संभाव्यतायुक्त ऋण योजना 2026-27 का विमोचन किया
नाबार्ड द्वारा तैयार, बैंकों को लक्ष्य पूरा करने को प्रोत्साहित किया
आदर्श सहारा टाइम्स
प्रयागराज। प्रयागराज में मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) हर्षिका सिंह ने नाबार्ड द्वारा तैयार संभाव्यतायुक्त ऋण योजना 2026-27 का विमोचन किया। यह विमोचन जिला स्तरीय समीक्षा बैठक के दौरान किया गया, जिसमें डीसीसी/डीएलआरसी के सदस्य भी उपस्थित थे।
यह योजना नाबार्ड ने राज्य सरकार के विभिन्न विभागों, बैंकरों और जिले के अन्य हितधारकों के साथ विचार-विमर्श के बाद तैयार की है। सीडीओ हर्षिका सिंह ने डीसीसी/डीएलआरसी बैठक में सभी बैंक योजनाओं, सरकार द्वारा प्रायोजित विभिन्न कार्यक्रमों में लंबित आवेदनों और अन्य शिकायतों की समीक्षा भी की।
उन्होंने बैंकों को वित्त वर्ष 2025-26 के वार्षिक ऋण योजना लक्ष्य को पूरा करने के लिए प्रोत्साहित किया। इस दौरान तिमाही में बैंकों द्वारा की गई प्रगति पर भी विस्तार से चर्चा की गई।
नाबार्ड के जिला विकास प्रबंधक अनिल शर्मा ने बताया कि वर्ष 2026-27 के लिए प्रयागराज जिले में प्राथमिकता क्षेत्र हेतु ₹1904700.16 लाख के बैंक ऋण की संभाव्यता का अनुमान लगाया गया है।
इसमें कृषि क्षेत्र, डेयरी, सिंचाई, कृषि यंत्रीकरण, भूमि विकास, मुर्गी पालन, मछली पालन और भंडारण जैसी कृषि संबंधी गतिविधियों के लिए ऋण शामिल है। इसके अतिरिक्त, लघु, सूक्ष्म एवं मध्यम उद्योगों (MSME) और शिक्षा, आवास, नवीकरणीय ऊर्जा जैसे अन्य प्राथमिकता प्राप्त क्षेत्रों के लिए भी बैंक ऋण का अनुमान है।
अग्रणी जिला विकास प्रबंधक मनी प्रकाश मिश्रा ने जानकारी दी कि ऋण योजना के अनुसार वर्ष 2026-27 के लक्ष्य 01 अप्रैल 2026 से पहले सभी बैंकों को सौंप दिए जाएंगे। बैठक में सभी विभागीय अधिकारियों और बैंकों के अधिकारियों ने भाग लिया।
