डीएसपीएल कप 2026: ओलंगा ने जीता धरावल सुकाठ प्रीमियर लीग
आदर्श सहारा टाइम्स
मेजा, प्रयागराज। धरावल गांव के खेल मैदान पर आयोजित धरावल सुकाठ प्रीमियर लीग (डीएसपीएल कप) सीजन-1, 2026 का फाइनल मुकाबला शनिवार को खेला गया। खिताबी मुकाबले में ओलंगा क्रिकेट टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए हिमांशु सोनू इलेवन को 21 रनों से पराजित कर ट्रॉफी अपने नाम कर ली।
टॉस जीतकर हिमांशु सोनू इलेवन ने पहले गेंदबाजी का फैसला किया। आठ ओवर के इस मुकाबले में ओलंगा टीम ने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए 116 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी हिमांशु सोनू इलेवन की टीम 95 रन पर सिमट गई। इस तरह ओलंगा ने दमदार जीत दर्ज करते हुए डीएसपीएल कप 2026 पर कब्जा जमाया।
पुरस्कार वितरण समारोह में मुख्य अतिथि सुशील मिश्रा (अधिवक्ता) ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में इस तरह की खेल प्रतियोगिताएं युवाओं को सकारात्मक दिशा देने का सशक्त माध्यम हैं। इससे खिलाड़ियों में अनुशासन, आत्मविश्वास और खेल भावना का विकास होता है।
वहीं विशिष्ट अतिथि रामबाबू यादव ने कहा कि ग्रामीण अंचलों में आयोजित ऐसे टूर्नामेंट प्रतिभाओं को मंच प्रदान करते हैं और युवाओं को नशा व गलत रास्तों से दूर रखने में सहायक होते हैं।
समापन अवसर पर मौर्य कंस्ट्रक्शन परिवार, भटौती क्रशर प्लांट के संचालक अर्जुन सिंह ने आयोजन समिति को 11,000 रुपये की सहयोग राशि प्रदान की। उन्होंने कहा कि खेलों को बढ़ावा देना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। ग्रामीण क्षेत्र की खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने से भविष्य में बेहतर खिलाड़ी सामने आएंगे। उन्होंने आगे भी इस तरह के आयोजनों में सहयोग देने का भरोसा जताया।
यह प्रतियोगिता 5 जनवरी से शुरू हुई थी, जिसमें कुल 16 टीमों ने भाग लिया। प्रतियोगिता में उत्तर प्रदेश के साथ-साथ अन्य प्रदेशों के खिलाड़ियों ने भी प्रतिभाग किया, जिससे पूरे टूर्नामेंट के दौरान दर्शकों को रोमांचक मुकाबले देखने को मिले।
पुरस्कार वितरण में विजेता ओलंगा टीम को 51 हजार रुपये नकद व ट्रॉफी, जबकि उपविजेता हिमांशु सोनू इलेवन को 31 हजार रुपये नकद व ट्रॉफी प्रदान की गई। वहीं मैन ऑफ द सीरीज का पुरस्कार शहबाज (प्रयागराज) को दिया गया, जिन्हें 5 हजार रुपये नकद से सम्मानित किया गया।
प्रतियोगिता का आयोजन रत्नेश मिश्रा, इंद्रजीत कुशवाहा, शिवाकांत आदिवासी, शिवकुमार कुशवाहा, रामबाबू यादव, पंकज मोदनवाल, सुरेश चंद्र केसरी, सोनू पटेल, प्रधान सूर्यमन कुशवाहा, पूर्व प्रधान संतोष मिश्रा एवं समस्त ग्रामवासियों के सहयोग से किया गया।
इस दौरान कांस्टेबल प्रभु नारायण पांडेय, प्रशांत प्रियदर्शी, सतीश तिवारी सहित भारी संख्या में क्षेत्र के गणमान्य लोग और खेल प्रेमी मौजूद रहे। आयोजन समिति ने सभी अतिथियों, खिलाड़ियों, प्रायोजकों और दर्शकों के प्रति आभार व्यक्त किया।
