एक ही परिवार के चार बालको की तालाब में डूबे से मौत, परिजनों ने हत्या का जताया आशांका
आदर्श सहारा टाइम्स
प्रयागराज। पूरामुफ्ती थाना क्षेत्र के अहमदपुर पावन गांव के मजरा हुसैनपुर के चार बालक 13 जनवरी की शाम लगभग 3:00 बजे खेत में चना का साग खाने गए थे। चना का साग खाने के बाद चारों बालक तालाब की तरफ चले गए लेकिन उसके बाद चारों बालक गायब हो गए और उनका कुछ पता नहीं चला। जब बालक घर नहीं पहुंचे तो परिवार के लोग बालक की खोजबीन करने लगे। 14 जनवरी की सुबह चारों बालकों का शव तालाब में मिला है। ग्रामीणों की मदद से बालकों के शव को तालाब से बाहर निकल गया। तालाब से बाहर एक साथ चार शव देखकर परिवार में कोहराम मच गया है। घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने बालकों के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हालांकि परिवार के लोगों ने बालकों की हत्या कर तालाब में फेकने का आरोप लगाया है।
जानकारी के मुताबिक पूरामुफ्ती थाना क्षेत्र के अहमदपुर पावन गांव के मजरा हुसैनपुर के प्रदीप सोनकर के बेटे प्रतीक सोनकर उम्र 11 वर्ष और प्रिंस सोनकर उम्र 10 वर्ष अपने ही परिवार के प्रियांशु सोनकर उम्र 11 वर्ष और करन सोनकर उम्र 19 वर्ष के साथ 13 जनवरी की दोपहर लगभग 3:00 बजे घर से खेत की और चना का साग खाने गए थे। चारों बालक खेत की ओर जाने के बाद अचानक लापता हो गए और वापस घर नहीं पहुंचे हैं। चारों बालक के वापस न पहुंचने पर परिवार के लोग परेशान हो गए और बालक को खोजने लगे। मामले की सूचना परिवार के लोगों ने थाना पुलिस को दी। पुलिस ने भी खोजबीन की लेकिन पूरी रात बालकों का कहीं सुराग नहीं लगा।
14 जनवरी को बालकों का शव ईट भट्ठा के पास तालाब में दिखाई पड़ा है जिस पर ग्रामीणों की मदद से बच्चों के शव को तालाब से बाहर निकाला गया है। चार बच्चों की मौत की जानकारी मिलते ही घटनास्थल पर गांव के साथ-साथ अगल-बगल के गांव के लोगों का हुजूम मौके पर उमड़ पड़ा। चार बच्चों की मौत के बाद सभी चेहरे पर दुख दिखाई पड़ रहा था। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने बालकों के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। चार बच्चों की एक साथ मौत के बाद पूरे परिवार में कोहराम मचा हुआ है और पूरे गांव में शोक की लहर है। प्रदीप सोनकर ने पुलिस को दिए गए शिकायती पत्र में बच्चों की हत्या किए जाने का आरोप लगाया लेकिन हत्या का अभी तक कोई कारण स्पष्ट नहीं हो रहा है। बच्चों की मौत कैसे हुई है यह पुलिस की जांच का विषय है।थाना पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद बच्चों की मौत से पर्दा उठेगा। परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल।
