गणतंत्र दिवस पर तिरंगा यात्रा व प्रभात फेरी को लेकर हुई अहम बैठक

गणतंत्र दिवस पर तिरंगा यात्रा व प्रभात फेरी को लेकर हुई अहम बैठक

आदर्श सहारा टाइम्स

मांडा ,प्रयागराज। मांडा क्षेत्र के मोनाई में शुक्रवार को आगामी 26 जनवरी गणतंत्र दिवस को भव्य रूप से मनाने को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक का मुख्य उद्देश्य तिरंगा यात्रा एवं प्रभात फेरी के आयोजन को लेकर विस्तृत योजना तैयार करना था, ताकि कार्यक्रम को सुव्यवस्थित एवं सफल बनाया जा सके।
बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि 26 जनवरी की सुबह तिरंगा यात्रा एवं प्रभात फेरी की शुरुआत दिघिया पेट्रोल पंप से की जाएगी। यात्रा मोनाई, औंता एवं सोनार का तारा जैसे प्रमुख मार्गों से होते हुए सिरसा अग्रवाल कॉलेज के पीछे वाली फील्ड में जाकर संपन्न होगी। समापन स्थल पर सभी प्रतिभागी एकत्र होकर विधिवत ध्वजारोहण करेंगे तथा राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन किया जाएगा।
आयोजकों ने बताया कि तिरंगा यात्रा के दौरान देशभक्ति नारों, झंडों एवं बैनरों के माध्यम से क्षेत्र में राष्ट्रभक्ति का संदेश फैलाया जाएगा। प्रभात फेरी में स्थानीय नागरिकों, युवाओं एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। साथ ही कार्यक्रम के दौरान अनुशासन, सुरक्षा एवं स्वच्छता का विशेष ध्यान रखा जाएगा।
बैठक के दौरान अरुण गोयल ने कहा कि क्षेत्र के सभी लोगों को तिरंगा यात्रा एवं प्रभात फेरी में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया गया है। उन्होंने अधिक से अधिक लोगों से सहभागिता निभाकर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की।
बैठक में कार्यक्रम की सफलता के लिए विभिन्न जिम्मेदारियां भी सौंपी गईं। इस अवसर पर अरुण गोयल, अनूप गौतम, राणा प्रताप बौद्ध, रोहित कुमार, धीरज कुमार, रत्नेश गौतम, सुबेश, चंद्र प्रकाश सिद्धांत, सूरज कुमार सहित कई गणमान्य व्यक्ति एवं स्थानीय कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
आयोजकों ने क्षेत्रवासियों से अपील की कि वे अधिक से अधिक संख्या में तिरंगा यात्रा एवं प्रभात फेरी में शामिल होकर गणतंत्र दिवस को उत्साह, एकता और देशभक्ति के साथ मनाएं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *