नारीबारी के निकट निःशुल्क नेत्र परीक्षण शिविर आयोजित, 150 से अधिक मरीजों का हुआ परीक्षण

नारीबारी के निकट निःशुल्क नेत्र परीक्षण शिविर आयोजित, 150 से अधिक मरीजों का हुआ परीक्षण

 

आदर्श सहारा टाइम्स

प्रयागराज। डॉ. उमेश सिंह के नेतृत्व में रामेश्वरम हेल्थ केयर फाउंडेशन द्वारा नारीबारी के निकट एक निःशुल्क नेत्र परीक्षण शिविर का सफल आयोजन किया गया। शिविर में आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग पहुंचे और नेत्र संबंधी समस्याओं की जांच कराई।
इस दौरान लगभग 150 से अधिक मरीजों का परीक्षण किया गया। जांच के दौरान 25 से 30 मरीजों में मोतियाबिंद की शिकायत पाई गई, जिन्हें आगे के उपचार के लिए रामेश्वर नेत्रालय रेफर किया गया। चिकित्सकों ने मरीजों को समय रहते ऑपरेशन कराने की सलाह दी, ताकि उनकी दृष्टि सुरक्षित रह सके।
शिविर में आए अधिकांश मरीजों को सामान्य नेत्र समस्याएं जैसे आंखों में जलन, कमजोरी और दृष्टि दोष की शिकायत थी। ऐसे मरीजों को मौके पर ही निःशुल्क दवाएं वितरित की गईं। साथ ही 20 से 25 जरूरतमंद मरीजों को निःशुल्क चश्मा भी उपलब्ध कराया गया, जिससे लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला।
इस अवसर पर शिविर में मौजूद चिकित्सकों की टीम में डॉ. के.पी. सिंह पटेल, डॉ. रंजीत, डॉ. नीलिशा, डॉ. महिमा और डॉ. आकाश सहित अन्य स्वास्थ्यकर्मी शामिल रहे। सभी ने मरीजों की बारीकी से जांच कर उन्हें उचित परामर्श दिया।
डॉ. उमेश सिंह ने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों में आज भी लोग आंखों की बीमारियों को लेकर जागरूक नहीं हैं, जिसके कारण छोटी समस्या भी गंभीर रूप ले लेती है। ऐसे में इस तरह के निःशुल्क शिविर लोगों के लिए बेहद लाभकारी साबित हो रहे हैं।
शिविर के अंत में आयोजकों ने भविष्य में भी इस तरह के स्वास्थ्य शिविर आयोजित करने का आश्वासन दिया, ताकि जरूरतमंद लोगों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं मिल सकें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *