लोकसभा 2029 चुनाव में लागू होगा नारी शक्ति वंदन अधिनियम: निर्मला पासवान
आदर्श सहारा टाइम्स
फाफामऊ (प्रयागराज)। भारतीय जनता पार्टी की गंगापार जिलाध्यक्ष निर्मला पासवान ने कहा कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम के तहत महिलाओं को दिया गया 33 प्रतिशत आरक्षण वर्ष 2029 के लोकसभा चुनाव में लागू हो जाएगा। उन्होंने कहा कि इससे महिलाओं की राजनीतिक भागीदारी बढ़ेगी और उन्हें चुनाव लड़ने के अधिक अवसर मिलेंगे।
शांतिपुरम में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान उन्होंने बताया कि आज के समय में बेटियां हर क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रही हैं और अपनी जिम्मेदारियां बखूबी निभा रही हैं। नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने महिलाओं को सम्मान देने और उन्हें सशक्त बनाने के उद्देश्य से यह ऐतिहासिक कदम उठाया है।
निर्मला पासवान ने आगे जानकारी देते हुए बताया कि गंगापार क्षेत्र में सोमवार को 71 स्थानों पर स्वच्छता अभियान चलाया गया और दीपदान कार्यक्रम आयोजित किया गया। मंगलवार को डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती पर उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर दलित बस्तियों में जनसंपर्क अभियान चलाया जाएगा तथा प्रभावशाली व्यक्तियों को सम्मानित किया जाएगा।
इसके अलावा 16 और 17 अप्रैल को विधानसभा स्तर पर दलित सम्मेलन आयोजित किए जाएंगे।
इस अवसर पर पार्टी के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। वहीं, भाजपा कार्यालय गंगापार में बड़ी संख्या में महिलाओं ने नारी शक्ति वंदन अधिनियम पर प्रधानमंत्री के संबोधन को लाइव सुना।
