जिलाधिकारी ने निर्माणाधीन सिक्स लेन ब्रिज के कार्य प्रगति का किया निरीक्षण
जिलाधिकारी ने कार्य को गुणवत्तापूर्ण ढंग से मुख्य कंस्ट्रक्शन कार्य को जून माह तक पूर्ण कराये जाने के दिए निर्देश
आदर्श सहारा टाइम्स
प्रयागराज । जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा गुरुवार को राष्ट्रीय राजमार्ग-96 पर फाफामऊ में निर्माणाधीन सिक्स लेन फाफामऊ ब्रिज एवं ब्रिज के एक्स्ट्राडोज्ड हिस्से का निरीक्षण करते हुए परियोजना की वर्तमान प्रगति एवं कार्य स्थिति की जानकारी ली एवं प्रोजेक्ट से जुड़े सभी अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिये हैं। एसपीएस कंस्ट्रक्शन इंडिया प्राइवेट लिमिटेड के प्रोजेक्ट मैनेजर के द्वारा बताया गया कि सिक्स लेन ब्रिज के अवशेष कार्यों का निर्माणकार्य तेजी से चल रहा है और प्रोजेक्ट का लगभग 87 प्रतिशत पूर्ण हो गया है। कार्य के एक्स्ट्राडोज्ड सेगमेंट में कुल चार हैंगिग पिलर हैं जिनमें 3 पिलर का कार्य पूर्ण हो गया है, चौथे पिलर में भी लगभग 80 प्रतिशत प्रतिशत कार्य पूर्ण हो चुका है, जिसपर कार्य तेजी से चल रहा है और यह कार्य मई तक पूर्ण कर लिया जाएगा एवं इस कार्य के साथ ही साथ एक पिलर को दूसरे पिलर से जोड़ने का कार्य भी शुरू कर दिया गया है। प्रोजेक्ट मैनेजर के द्वारा एक्स्ट्राडोज्ड सेगमेंट के इरेक्शन की तकनीक, चरणबद्ध पद्धति तथा इरेक्शन एवं स्ट्रेसिंग के टाइम साइकिल के बारे में बताया। शेष कार्य कार्यक्रम तथा कार्य निष्पादन की योजना के बारे में भी जानकारी दी।
जिलाधिकारी ने पुल के अप्रोच रोड की प्रगति के बारे में जानकारी लिए जाने पर प्रोजेक्ट मैनेजर ने अवगत करवाया कि एनटीपीसी से राख की आपूर्ति निरंतर चालू है तथा हाईवे के निर्माण का कार्य भी तीव्र गति से चल रहा है । कलश चौराहे से पुल के एक्सट्राडोज़्ड भाग तक सड़क की एप्रोच को मई 2026 तक पूर्ण कर लिया जाएगा ।टेस्टिंग के अतिरिक्त फिनिशिंग कार्य जून 2026 तक पूर्ण होने का लक्ष्य है। परियोजना के अन्य हिस्सों की प्रगति के बारे में भी जानकारी देते हुए बताया कि फाफामऊ साइड पर मेजर ब्रिज के वियरिंग कोट का कार्य चल रहा है तथा एक्सपेंशन जॉइंट्स की स्थापना का कार्य भी समानांतर रूप से चल रहा है।
जिलाधिकारी ने कहा कि टेस्टिंग कार्य के अतिरिक्त प्रोजेक्ट के एक्स्ट्राडोज्ड भाग के साथ प्रोजेक्ट के अन्य भागों में जो भी कार्य अभी शेष हैं, मुख्यतः कंस्ट्रक्शन वर्क को माह जून तक गुणवत्तापूर्ण ढंग से अवश्य पूर्ण करा लिया जाये। परियोजना के मुख्यतः कंस्ट्रक्शन वर्क में कोई विलम्ब न हो। उन्होंने प्रोजेक्ट के निर्माण कार्य की गुणवत्ता सुनिश्चित करने व टेस्टिंग में विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिये हैं।उन्होंने प्रोजेक्ट मैनेजर से कहा कि ब्रिज के निर्माण में जिला प्रशासन से यदि किसी भी प्रकार के सहयोग की आवश्यकता हो, तो प्रशासन के द्वारा पूरा सहयोग किया जाएगा।
