अघोषित बिजली कटौती व लो वोल्टेज से मेजा की जनता परेशान

अघोषित बिजली कटौती व लो वोल्टेज से मेजा की जनता परेशान

आदर्श सहारा टाइम्स

मेजा, प्रयागराज। भीषण गर्मी में बिजली की अघोषित कटौती और लो वोल्टेज से क्षेत्रवासियों का जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। नेवढ़िया विद्युत उपकेंद्र से सप्लाई होने वाले ग्रामीण इलाकों में लोग उमस और गर्मी से बेहाल हैं।

स्थानीय लोगों का कहना है कि “रोस्टिंग” के नाम पर रोजाना 8 से 10 घंटे तक बिजली काटी जा रही है। अप्रैल में पारा 40 डिग्री के पार पहुंच चुका है, फिर भी विभाग की ओर से कटौती जारी है। दिन में बिजली आने-जाने का कोई निर्धारित समय नहीं है। वहीं रात में लो वोल्टेज के कारण पंखे-कूलर भी सही से नहीं चल पा रहे, जिससे लोगों की परेशानी और बढ़ गई है।

बिजली संकट का असर खेती-किसानी पर भी पड़ा है। किसानों की सब्जियां और पशुओं का हरा चारा सूखने लगा है। पीने के पानी के लिए भी लोग व्याकुल हैं क्योंकि मोटरें लो वोल्टेज में नहीं चल पा रही। विभाग द्वारा “लोकल फाल्ट” और “मेंटेनेंस” का हवाला देकर बार-बार कटौती की जा रही है।

क्षेत्रवासियों का आरोप है कि बिजली कटौती की शिकायत के लिए अधिकारियों-कर्मचारियों को फोन करने पर भी कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिलता। मनमानी कटौती से रोजमर्रा का कामकाज प्रभावित हो रहा है, लेकिन बिजली विभाग समस्या के समाधान को लेकर गंभीर नहीं दिख रहा।

ग्रामीणों ने उच्च अधिकारियों से अविलंब अघोषित कटौती बंद कर निर्धारित रोस्टर के अनुसार आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *