जिलाधिकारी की अध्यक्षता में जिला वृक्षारोपण समिति, जिला गंगा समिति, जिला पर्यावरण समिति की बैठक सम्पन्न

जिलाधिकारी की अध्यक्षता में जिला वृक्षारोपण समिति, जिला गंगा समिति, जिला पर्यावरण समिति की बैठक सम्पन्न

गंगा नदी व उनकी सहायक नदियों पर या बाढ़ प्रभावित क्षेत्र में कोई भी स्थायी या अस्थायी निर्माण कार्य किए जाने के पूर्व राष्ट्रीय स्वच्छ गंगा मिशन से अनुमति लिया जाना आवश्यक-जिलाधिकारी

जिलाधिकारी ने वृक्षारोपण हेतु स्थल चयन, गड्ढ़े की खुदाई व अन्य सम्बंधित कार्य योजना की सूचना तत्काल उपलब्ध कराये जाने के दिए निर्देश

जिलाधिकारी ने कहा-ज्यादा पौधरोपण करने वाले विभाग पहले से ही पौध की मांग वन विभाग को प्रेषित कर दें

आदर्श सहारा टाइम्स

प्रयागराज । जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा की अध्यक्षता में बुधवार को संगम सभागार में जिला वृक्षारोपण समिति, जिला गंगा समिति, जिला पर्यावरण समिति की बैठक आयोजित की गयी। बैठक में जिलाधिकारी ने प्रभागीय वनाधिकारी से वर्ष 2026 में आयोजित होने वाले वृक्षारोपण अभियान की तैयारियों के बारे में विस्तार से जानकारी ली। जिलाधिकारी ने सभी सम्बंधित विभागों के अधिकारियों को वृक्षारोपण कराये जाने हेतु स्थल चयन, गड्ढ़ें की खुदाई एवं कार्य योजना की सूचना तत्काल उपलब्ध कराये जाने का निर्देश दिया है। इस सम्बंध में जिलाधिकारी ने सभी सम्बंधित विभागों को वृक्षारोपण के सम्बंध में अपने विभाग के किसी अधिकारी को नोडल के रूप में नामित करते हुए उसकी सूचना उपलब्ध कराये जाने का निर्देश दिया है। सभी सम्बंधित विभागों को निर्देशित किया गया कि जिन विभागों के द्वारा ज्यादा पौधरोपण किया जाना है, वे पहले से ही उसकी मांग वन विभाग को प्रेषित कर दे। विगत वर्षों में रोपित कराये गये पौधों की सिंचाई की व्यवस्था सुनिश्चित किए जाने के लिए कहा है। जिलाधिकारी ने उन विभागों के अधिकारियों को जिन्होंने पिछले वर्ष किए गए वृक्षारोपण का अर्न्तविभागीय सत्यापन रिपोर्ट अभी तक नहीं उपलब्ध कराया है, उन्हें तत्काल सत्यापन रिपोर्ट उपलब्ध कराये जाने का निर्देश दिया है।

जिलाधिकारी ने जिला गंगा समिति की बैठक में सभी सम्बंधित विभागों को निर्देशित करते हुए कहा कि गंगा नदी एवं उनकी सहायक नदियों पर कोई भी स्थायी या अस्थायी कार्य किए जाने के पूर्व ही राष्ट्रीय स्वच्छ गंगा मिशन (एनएमसीजी) से अनुमति लिया जाना आवश्यक है, इसलिए कोई भी विभाग जैसे-पीडब्लूडी, सेतु निगम, एनएचआई व अन्य विभाग यदि कोई भी निर्माण कार्य गंगा नदी या उनकी सहायक नदियों पर या बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में करवाते है, तो कार्य के निर्माण से पूर्व ही इस सम्बंध में राष्ट्रीय स्वच्छ गंगा मिशन से अनुमति प्राप्त करने हेतु जिला गंगा समिति के माध्यम से अनिवार्य रूप से प्रस्ताव प्रेषित करायें। उन्होंने नालों की टैपिंग का कार्य तेजी से कराये जाने के निर्देश दिए है, जिससे कि किसी भी नाले का पानी सीधे गंगा नदी में न गिरने पाये। बैठक में जिलाधिकारी ने प्रभागीय वनाधिकारी को इको सेंसिटव जोन बनाये जाने हेतु स्थल का चयन सुनिश्चित कराते हुए इस सम्बंध में आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए है।

जिलाधिकारी ने जिला पर्यावरण समिति की बैठक में वायु गुणवत्ता सुधार हेतु संचालित विभिन्न कार्य योजनाओं, वायु गुणवत्ता निगरानी, जन-जागरूकता कार्यक्रमों, हरित क्षेत्र विस्तार एवं प्रदूषण नियंत्रण संबंधी गतिविधियों की समीक्षा की तथा संबंधित विभागों को निर्धारित लक्ष्यों की प्राप्ति हेतु समयबद्ध एवं प्रभावी कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही नगर निगम, पुलिस विभाग एवं उत्तर प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड द्वारा प्रतिबंधित चाइनीज/नायलॉन मांझा के निर्माण, भंडारण, परिवहन, बिक्री एवं उपयोग के विरुद्ध की गई छापेमारी, जब्ती एवं विधिक कार्यवाही की जानकारी प्रस्तुत की गई। जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि नियमित प्रवर्तन अभियान चलाकर आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित की जाए तथा आमजन को प्रतिबंधित मांझा के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने हेतु व्यापक जन-जागरूकता अभियान संचालित किए जाएं।

इस अवसर पर प्रभागीय वनाधिकारी श्री अरविंद कुमार यादव सहित अन्य सम्बंधित विभागों के अधिकारीगण उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *