मेज़ा स्टेज-II परियोजना के लिए मेजा ऊर्जा निगम प्राइवेट लिमिटेड  ने हासिल की बड़ी उपलब्धि,₹26,850 करोड़ के ऋण समझौते पर हुए हस्ताक्षर

मेज़ा स्टेज-II परियोजना के लिए मेजा ऊर्जा निगम प्राइवेट लिमिटेड  ने हासिल की बड़ी उपलब्धि,₹26,850 करोड़ के ऋण समझौते पर हुए हस्ताक्षर

 

आदर्श सहारा टाइम्स

मेजा,प्रयागराज।  30 जुलाई 2026: NTPC लिमिटेड और उत्तर प्रदेश राज्य विद्युत उत्पादन निगम लिमिटेड (UPRVUNL) के संयुक्त उपक्रम मेज़ा ऊर्जा निगम प्राइवेट लिमिटेड (MUNPL) ने आज अपनी महत्वाकांक्षी मेज़ा स्टेज-II (3×800 मेगावाट) सुपरक्रिटिकल तापीय विद्युत परियोजना के विकास में एक ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की। कंपनी ने REC लिमिटेड और पावर फाइनेंस कॉर्पोरेशन लिमिटेड (PFC) के साथ ₹26,850 करोड़ के ऋण समझौते पर हस्ताक्षर किए।
यह समझौता ITC वेलकम होटल, प्रयागराज में आयोजित एक भव्य समारोह में संपन्न हुआ, जिसमें MUNPL, REC और PFC के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
समारोह में मुख्य रूप से  जी श्रीनिवास राव (मुख्य कार्यकारी अधिकारी, MUNPL),  अंशु बरुआ (मुख्य वित्तीय अधिकारी , MUNPL),  डी. बी. लौंढे (कार्यकारी निदेशक, REC लिमिटेड),  एच. के. दास (कार्यकारी निदेशक, PFC),  एन. एन. सिन्हा (मुख्य महाप्रबंधक- O&M, MUNPL),  शरद सिंह (महाप्रबंधक-परियोजना, MUNPL) तथा  विवेक चन्द्र, (प्रमुख मानव संसाधन MUNPL) सहित अनेक वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
इस अवसर पर  जी श्रीनिवास राव, (मुख्य कार्यकारी अधिकारी, MUNPL) ने कहा कि यह समझौता कंपनी की विकास यात्रा में एक महत्वपूर्ण पड़ाव है। उन्होंने कहा कि देश के प्रमुख ऊर्जा क्षेत्र के वित्तीय संस्थानों द्वारा MUNPL पर जताया गया विश्वास कंपनी की तकनीकी क्षमता, मजबूत वित्तीय योजना और परियोजना क्रियान्वयन की दक्षता का प्रमाण है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि मेज़ा स्टेज-II परियोजना उत्तर प्रदेश की विद्युत व्यवस्था को और मजबूत करेगी तथा देश की बढ़ती ऊर्जा आवश्यकताओं को पूरा करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
अंशु बरुआ (मुख्य वित्तीय अधिकारी , MUNPL) ने बताया कि वित्तीय समापन से निर्माण कार्य समय पर और सुचारु रूप से पूरा हो सकेगा। उन्होंने REC और PFC का सहयोग एवं विश्वास के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि MUNPL परियोजना निर्माण के दौरान वित्तीय अनुशासन, पारदर्शिता और उच्च गुणवत्ता मानकों का पूरी तरह पालन करेगा।
REC और PFC के वरिष्ठ प्रतिनिधियों ने MUNPL को इस उपलब्धि पर बधाई दी और कहा कि दोनों संस्थान देश की ऊर्जा क्षमता बढ़ाने वाली रणनीतिक परियोजनाओं को निरंतर सहयोग देते रहेंगे।
₹26,850 करोड़ की यह वित्तीय व्यवस्था 2,400 मेगावाट (3×800 मेगावाट) क्षमता वाली मेज़ा स्टेज-II सुपरक्रिटिकल परियोजना के सफल वित्तीय समापन (Financial Closure) का प्रतीक है। इस परियोजना की अनुमानित लागत लगभग ₹38,358 करोड़ है। परियोजना के पूरा होने पर उत्तर प्रदेश की बिजली उत्पादन क्षमता में उल्लेखनीय वृद्धि होगी तथा उद्योग, आधारभूत ढांचे और उपभोक्ताओं की बढ़ती बिजली जरूरतों को विश्वसनीय एवं दक्ष आपूर्ति सुनिश्चित की जा सकेगी।
MUNPL पहले से संचालित 1,320 मेगावाट (2×660 मेगावाट) मेज़ा स्टेज-I परियोजना की सफलता के आधार पर आश्वस्त है कि स्टेज-II परियोजना भी उत्कृष्ट गुणवत्ता, समयबद्ध क्रियान्वयन, पर्यावरणीय जिम्मेदारी और उच्च परिचालन दक्षता के साथ पूरी की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *