मच्छर जनित बीमारियों से बचाव हेतु गांव में फॉगिंग और एंटीलार्वा छिड़काव कराएं प्रशासन- शैलेश बागी
आदर्श सहारा टाइम्स
उरुवा,प्रयागराज। उरुवा ब्लाक स्थित अमिलिया गांव में बरसात के बाद जमा पानी से डेंगू, डायरिया और टायफाइड जैसी बीमारियों का प्रकोप बढ़ गया है। इसको देखते हुए अमिलिया कलां के युवा प्रधान प्रत्याशी ,शैलेश बागी ने शुक्रवार को गांव में फॉगिंग और एंटीलार्वा दवा का छिड़काव कराने की मांग की है।
शैलेश बागी ने कहा कि बरसात के पानी से मच्छर तेजी से बढ़ रहे हैं। मच्छरों से होने वाली बीमारियों से बचाव के लिए सरकार द्वारा फॉगिंग मशीन से धुआं और एंटीलार्वा दवा का छिड़काव युद्ध स्तर पर कराया जाना चाहिए। इससे आम जनता को मच्छर जनित बीमारियों से बचाया जा सकेगा।
उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि वे अपने घरों और आसपास साफ-सफाई रखें और पानी जमा न होने दें।
शैलेश बागी ने बताया कि सरकार द्वारा ग्राम प्रधानों को फॉगिंग मशीनें उपलब्ध कराई गई थीं। लेकिन उनका सही उपयोग नहीं हो रहा है। फॉगिंग और एंटीलार्वा दवा के छिड़काव से मच्छरों के प्रजनन को रोका जा सकता है और जनता को बड़ी राहत मिलेगी।
उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि अमिलिया कलां सहित क्षेत्र के सभी गांवों में तत्काल फॉगिंग और दवा छिड़काव अभियान चलाया जाए।
