महाशिवरात्रि पर अनंत श्री विभूति गायत्री त्रिवेणी प्रयागराज पीठ में भंडारे का आयोजन, श्रद्धालुओं को आमंत्रण
आदर्श सहारा टाइम्स
प्रयागराज। महाशिवरात्रि के पावन पर्व पर अनंत श्री विभूति गायत्री त्रिवेणी प्रयागराज पीठ की ओर से विशेष धार्मिक कार्यक्रम एवं विशाल भंडारे का आयोजन किया जा रहा है। इस पावन अवसर पर पीठाधीश्वर एवं आद्य जगतगुरु शंकराचार्य त्रिकाल भवंत सरस्वती जी महाराज के सानिध्य में श्रद्धालुओं के लिए रुद्राभिषेक एवं प्रसाद वितरण की व्यवस्था की गई है।
पीठ की ओर से जारी सूचना के अनुसार, कार्यक्रम का शुभारंभ प्रातः 10:00 बजे रुद्राभिषेक से होगा। इसके उपरांत दोपहर 12:00 बजे से विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा, जिसमें सभी श्रद्धालुओं को प्रसाद ग्रहण करने का अवसर प्राप्त होगा।
यह धार्मिक आयोजन अरैल घाट रोड, यमुना ब्रिज के नीचे स्थित श्री सर्वेश्वर महादेव वैकुंठधाम मुक्तिद्वार परिसर में संपन्न होगा, जो प्राचीन एवं सिद्धपीठ के रूप में प्रसिद्ध है।
पीठाधीश्वर महाराज ने समस्त श्रद्धालुओं से आग्रह किया है कि वे महाशिवरात्रि के इस पावन अवसर पर अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर भगवान शिव के रुद्राभिषेक में सहभागिता करें तथा भंडारे का प्रसाद ग्रहण कर पुण्य लाभ अर्जित करें।
महाशिवरात्रि के इस आयोजन को लेकर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह एवं श्रद्धा का वातावरण बना हुआ है।
