जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा ने विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण कार्यक्रम-2026 के अंतर्गत रविवार को चलाए गए विशेष अभियान दिवस के दृष्टिगत विधानसभा शहर-उत्तर के वेद भवन महाविद्यालय में बनाए गए बूथ का निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों को दिए निर्देश
आदर्श सहारा टाइम्स
प्रयागराज । जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा ने विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण कार्यक्रम-2026 के अंतर्गत रविवार को चलाए गए विशेष अभियान दिवस के दृष्टिगत विधानसभा शहर-उत्तर के वेद भवन महाविद्यालय में बनाए गए बूथ संख्या-401, 402, 403, 404, 405 और महाराष्ट्र लोक सेवा ट्रस्ट में बनाए गए बूथ संख्या 416 ,417,418, 419 एवं 420 का निरीक्षण किया तथा आवश्यक निर्देश सभी संबंधित अधिकारियों को दिए हैं l
मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उ०प्र०, लखनऊ महोदय के प्राप्त निर्देश के क्रम में भारत निर्वाचन आयोग द्वारा विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण कार्यक्रम- 2026 के अन्तर्गत दावा एवं आपत्ति अवधि में अधिक से अधिक संख्या में पात्र नागरिकों को मतदाता सूची में सम्मिलित कराने तथा मतदाता सूची को शुद्ध करने के उद्देश्य से दावा एवं आपत्ति प्राप्त किये जाने हेतु चार विशेष अभियान दिवस आयोजित कराये जाने के निर्देश दिये गये हैं जिसके क्रम में रविवार को चौथा विशेष अभियान दिवस आयोजित किया । पूर्व में जनपद में 11 जनवरी, 20 जनवरी तथा 31 जनवरी, 2026 को विशेष अभियान दिवस आयोजित किये गये थे।
जिलाधिकारी ने बताया कि विशेष अभियान दिवस में प्रत्येक मतदेय स्थल पर प्रातः 10.30 बजे से अपराह्न 1.30 बजे तक बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) उपस्थित हैं और
सभी बीएलओ के पास 06 जनवरी, 2026 को प्रकाशित हुई आलेख्य मतदाता सूची तथा पर्याप्त संख्या में सभी प्रकार के फार्म यथा 6, 6A, 7 एवं 8 घोषणा पत्र सहित उपलब्ध हैं l
उन्होंने बताया कि प्रत्येक मतदान केन्द्र पर हेल्प डेस्क की व्यवस्था भी है जहां मतदाताओं को फार्म भरने में सहायता प्रदान की जायेगी। उन्होंने कहा कि आज अतिरिक्त विशेष अभियान दिवस के पर्यवेक्षण हेतु जिला निर्वाचन अधिकारी और निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों को भ्रमणशील रहते हुये विशेष अभियान को सफल बनाये जाने के निर्देश भी दिये गये हैं।
जिलाधिकारी ने निरीक्षण के दौरान उपस्थित सभी नागरिकों से अपील की कि विशेष अभियान दिवस पर सभी लोग अपने बूथ पर जाकर अपना तथा अपने परिवार के सदस्यों के नाम 06 जनवरी, 2026 को प्रकाशित आलेख्य मतदाता सूची में अवश्य जांच लें। यदि किसी पात्र सदस्य का नाम मतदाता सूची में अंकित नहीं है अथवा ऐसे सदस्य जिनकी आयु 01 जनवरी, 2026 को 18 वर्ष पूर्ण हो चुकी हो, उनका भी फार्म 6 घोषणा पत्र सहित भरवाकर अपने बूथ लेवल अधिकारी को उपलब्ध करा दें अथवा ECINET मोबाइल एप्लीकेशन या voters.eci.gov.in पोर्टल पर ऑनलाइन भी आवेदन किया जा सकता है। इसके अतिरिक्त आलेख्य मतदाता सूची में अंकित अपनी प्रविष्टि में किसी भी त्रुटि को सुधारने के लिए फार्म-8 भरा जा सकता है। उन्होने कहा कि किसी भी स्थिति में कोई पात्र मतदाता छूटना नहीं चाहिए । सभी पात्र मतदाताओं का नाम मतदाता सूची में नाम अवश्य शामिल होना चाहिए इसीलिये सारी एक्सरसाइज की जा रही है l
निरीक्षण के दौरान मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय एवं राज्य स्तरीय राजनैतिक दलों द्वारा नियुक्त बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) भी उपस्थित रहे और उनके द्वारा विशेष अभियान में सहयोग भी प्रदान किया गया। इस अवसर पर तहसीलदार सदर सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे l
