जिलाधिकारी की अध्यक्षता में आगामी होली पर्व एवं अन्य त्यौहारों को सकुशल सम्पन्न कराये जाने के सम्बंध में बैठक सम्पन्न
परम्परागत ढंग से ही होली व अन्य पर्वों को मनाये, किसी नई परम्परा की न हो शुरूआत- जिलाधिकारी
विद्युत आपूर्ति, साफ-सफाई, पेयजल की समुचित व्यवस्था बनाये रखने के दिए निर्देश
जिलाधिकारी ने सभी उपजिलाधिकारियों, अपर नगर मजिस्टेटों एवं सभी एसीपी को अपने-अपने क्षेत्रों में होलिका दहन स्थलों का भ्रमण तथा आयोजकों के साथ बैठक करने के दिए निर्देश
खाद्य पदार्थों पर विशेष निगरानी रखते हुए इन्फोर्समेंट की कार्यवाही तेज किए जाने तथा किसी भी दशा में मिलावटी खाद्य पदार्थ की बिक्री न होने पाये, के दिए निर्देश
आपसी भाई-चारे एवं सौहार्द के साथ मिल-जुलकर शांतिपूर्वक त्योहारों को मनाये जाने की अपील की
अफवाह फैलाने वालो पर पैनी नजर रखते हुए उनके विरूद्ध करें कड़ी कार्रवाई-अपर पुलिस आयुक्त
आदर्श सहारा टाइम्स
प्रयागराज । जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा़ की अध्यक्षता में मंगलवार को संगम सभागार में आगामी होली पर्व एवं अन्य त्यौहारों को सकुशल एवं सुव्यस्थित ढंग से सम्पन्न कराये जाने के दृष्टिगत बैठक आयोजित की गयी। बैठक में उपस्थित पीस कमेटी के पदाधिकारियों, सिविल डिफेंस व जिला अपराध निरोधक समिति के प्रतिनिधियों सहित अन्य गणमान्य लोगो के द्वारा त्यौहारों को सकुशल ढंग से सम्पन्न कराये जाने के सम्बंध में अपने-अपने सुझाव दिए गए, जिसपर जिलाधिकारी ने सम्बंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए है।
बैठक में जिलाधिकारी ने कहा कि आगामी माह में होली, रमजान, ईद तथा नवरात्रि सहित कई प्रमुख त्यौहार हैं, जिन्हें हम सभी को आपसी सहयोग, सौहार्द के साथ सकुशल व सुव्यवस्थित ढंग से सम्पन्न कराया जाना है। उन्होंने कहा कि प्रशासन का संदेश लोगो तक पहुंचाने में आप सभी का महत्वपूर्ण योगदान रहता है तथा त्यौहारों को सकुशल सम्पन्न कराये जाने में आपकी महत्वपूर्ण भूमिका होती है। जिलाधिकारी ने आगामी त्यौहारों पर किसी भी नई परम्परा की शुरूआत न हो, होलिका दहन स्थान परिवर्तित किए जाने हेतु सभी पक्षों की सहमति हो तथा होलिका दहन से सार्वजनिक आवागमन बाधित न किए जाने के लिए कहा है। उन्होंने सोशल मीडिया पर फैलने वाली भ्रामक सूचनाओं को उनके संज्ञान में यथाशीघ्र लाने के लिए कहा, जिससे समय रहते उसपर कार्यवाही की जा सके। उन्होंने बोर्ड परीक्षा के दृष्टिगत साउंड सिस्टम को धीमी आवाज में ही बजाये जाने के लिए कहा है, जिससे छात्रों की पढ़ाई में व्यवधान उत्पन्न न हो।
जिलाधिकारी ने बैठक में होलिका दहन के पूर्व ही आयोजको के साथ थानेवार बैठके आयोजित करने के लिए कहा है। उन्होंने अपर जिलाधिकारी नगर, सभी उपजिलाधिकारियों, अपर नगर मजिस्टेªटों एवं सभी एसीपी को अपने-अपने क्षेत्रों में सभी होलिका दहन स्थलों का भ्रमण करने एवं आयोजको के साथ मुलाकात कर आवश्यक व्यवस्थायें सुनिश्चित कराये जाने के निर्देश दिए है। उन्होंने विद्युत विभाग को एलर्ट मोड में रहने तथा अतिआवश्यक होने पर ही शटडाउन लिए जाने के लिए कहा है। उन्होंने लटके, ढीले व जर्जर तारों को व्यवस्थित करने के साथ ही साथ विद्युत आपूर्ति की सुचारू व्यवस्था रखने के निर्देश दिए है।
उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों से सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों पर आवश्यक दवाईयों एवं चिकित्सकों की उपस्थिति की व्यवस्था बनाये रखने के लिए कहा है। इसके साथ ही साथ उन्होंने एम्बुलेंस की भी समुचित व्यवस्था बनाये रखने के लिए कहा है। उन्होंने सभी चौराहों पर पुलिस कर्मिंयों की तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए है। उन्होंने जिला आबकारी अधिकारी को अवैध शराब की बिक्री रोके जाने हेतु प्रभावी कार्यवाही करने एवं अभियान चलाकर कच्ची शराब को नष्ट करने तथा शराब की दुकानों को निर्धारित समय पर बंद रखे जाने के निर्देश दिए है।
उन्होंने नगर निगम को शहरी क्षेत्रों में एवं मुख्य विकास अधिकारी को जिला पंचायतराज अधिकारी के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में साफ-सफाई की व्यवस्था सुनिश्चित कराये जाने लिए कहा है। जिलाधिकारी ने जल निगम को पेयजल की समुचित व्यवस्था बनाये रखने के निर्देश दिए है। उन्होंने अग्निशमन विभाग के अधिकारियों से फायर टेण्डर को एलर्ट मोड में रखने व मोबाइल दस्ते को क्रियाशील रखकर किसी घटना की स्थिति में क्विक रिस्पांड करने के लिए कहा है। उन्होंने इस अवसर पर ओवर स्पीडिंग रोकने, नशे की हालत में वाहन न चलाये जाने व यातायात व्यवस्था को सुचारू रूप से बनाये रखने के निर्देश दिए है।
जिलाधिकारी ने मिलावटी खाद्य पदार्थों पर विशेष निगरानी रखते हुए नकली खोवा के उत्पादन व भण्डारण वाले स्थानों को चिन्हित करते हुए इन्फोर्समेंट की कार्यवाही किए जाने तथा किसी भी दशा में मिलावटी खाद्य पदार्थ की बिक्री न होने पाये, के निर्देश दिए है। उन्होंने मिलावटी खाद्य-पदार्थों की बिक्री करने वालो पर कड़ी कार्यवाही करने के साथ ही साथ विक्रेताओं को अनावश्यक रूप से परेशान नहीं किए जाने के लिए भी कहा है। उन्होंने परिवहन विभाग को अतिरिक्त बसों की व्यवस्था करने के लिए आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए है।
अपर पुलिस आयुक्त डॉ0 अजय पाल शर्मा ने पीस कमेटी व अन्य संगठनों के पदाधिकारियों से आगामी त्यौहारों को आपसी समन्वय व सद्भावना के साथ मनाये जाने में सहयोग प्रदान करने के लिए कहा। उन्होंने संवेदनशील स्थानों जहां पर पूर्व में कभी-कभी घटनाएं हुई थी, ऐसे संवेदनशील स्थानों का विशेष रूप से भ्रमण किए जाने व सम्बंधित थानों पर आयोजकों के साथ बैठक कर शांतिपूर्ण ढंग से पर्व को मनाये जाने के लिए कहा है। उन्होंने विद्युत तारों के नीचे अथवा दुर्घटना की सम्भावना वाले स्थलों पर होलिका दहन नहीं किए जाने के लिए कहा है। उन्होंने सोशल मीडिया पर पैनी नजर रखने के लिए कहा है, जिससे कोई अफवाह न फैले। उन्होंने सोशल मीडिया की अफवाहों से पुलिस को तुरंत अवगत कराये जाने का अनुरोध किया, जिससे अफवाहों का शीघ्रता से खण्डन किया जा सके अथवा आवश्यकता होने पर एक्शन लिया जा सके। उन्होंने सभी उपजिलाधिकारियों एवं एसीपी को अपने-अपने क्षेत्रों में निरंतर भ्रमणशील रहकर आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित किए जाने के निर्देश दिए है। उन्होंने कहा है कि कोई भी नई परंपरा की शुरूआत न हो तथा परम्परागत ढंग से ही होली व अन्य पर्वों को मनाया जाये।
जिलाधिकारी व अपर पुलिस आयुक्त ने सभी से आपसी भाई-चारे एवं सौहार्द के साथ मिल-जुलकर शांतिपूर्वक त्योहारों को मनाये जाने की अपील की है।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी हर्षिका सिंह, डीसीपी गंगानगर श्री कुलदीप सिंह गुनावत, अपर जिलाधिकारीगणों के साथ अन्य वरिष्ठ पुलिस व प्रशासनिक अधिकारीगणों के अलावा पीस कमेटी, सिविल डिफेंस, जिला अपराध निरोधक समिति, टैम्पों-टैक्सी यूनियन के अध्यक्ष सहित अन्य सम्बंधित लोग उपस्थित रहे।
मुख्य विकास अधिकारी ने बेसिक शिक्षा विभाग की योजनाओं एवं कार्यक्रमों के प्रगति की समीक्षा की
मुख्य विकास अधिकारी ने विद्युत संयोजन की कार्यवाही पूर्ण नहीं होने पर कडी नाराजगी व्यक्त करते हुए सभी सम्बंधित अधिशासी अभियंताओं को कारण बताओं नोटिस जारी करने तथा कई अधिकारियों से स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने के दिए निर्देश
निर्माणाधीन विद्यालयों में अवशेष कार्यों को गुणवत्ता के साथ पूर्ण कराकर उनके हैण्डओवर की कार्यवाही पूर्ण करने के दिए निर्देश
प्रयागराज । मुख्य विकास अधिकारी हर्षिका सिंह की अध्यक्षता में मंगलवार को संगम सभागार में बेसिक शिक्षा विभाग की योजनाओं एवं कार्यक्रमों की समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी ने शिक्षा निदेशक, लखनऊ के द्वारा जनपद के कुल 218 विद्यालयों में विद्युत संयोजन हेतु 2023-24 में ही कुल 3 करोड़ 82 हजार 207 रूपये आवंटित किए जाने तथा 205 विद्यालयों द्वारा झटपट पोर्टल के माध्यम से विद्युत वितरण खण्ड को भुगतान किए जाने के बावजूद भी विद्युत विभाग द्वारा मात्र 54 विद्यालयों में विद्युत संयोजन का कार्य पूर्ण किए जाने तथा 151 विद्यालयों में विद्युत संयोजन की कार्यवाही पूर्ण नहीं होने पर कडी नाराजगी व्यक्त करते हुए सभी सम्बंधित अधिशासी अभियंताओं को कारण बताओं नोटिस जारी करने के निर्देश दिए है। उन्होंने जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी से बैठक से अनुपस्थित खण्ड शिक्षा अधिकारियों का स्पष्टीकरण लेने के निर्देश दिए है। उन्होंने कोरांव, होलागढ़ और धनुपूर में निपुण भारत मिशन के अन्तर्गत निपुण प्लस एप पर फीडिंग कम पाये जाने पर स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने के निर्देश दिए है। उन्होंने चाका ब्लाक में आधारविहीन बच्चों के जन्म प्रमाणपत्र हेतु पेण्डिंग फार्मोें की संख्या अधिक होने पर खण्ड शिक्षा अधिकारी-चाका से स्पष्टीकरण लिए जाने के निर्देश दिए है।
मुख्य विकास अधिकारी ने आपरेशन कायाकल्प की समीक्षा करते हुए आपरेशन कायाकल्प के सभी 19 पैरामीटरों के संतृप्तीकरण किए जाने के निर्देश दिए है। उन्होंने ब्लाकवार आपरेशन कायाकल्प के पैरामीटरों के संतृप्तीकरण की समीक्षा करते हुए सभी विद्यालयों में फर्नीचर, विद्युतीकरण, दिव्यांग शौचालय, बाउंड्रीवॉल सहित सभी कार्यों को पूर्ण कराये जाने हेतु आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए है। उन्होंने निर्माणाधीन विद्यालयों में अवशेष कार्यों को सम्बंधित कार्यदायी संस्था यूपीसिडको व ग्रामीण अभियंत्रण विभाग को गुणवत्ता के साथ पूर्ण कराये जाने तथा पूर्ण हो चुके विद्यालयों में कमियों की जांच कर उसे पूर्ण कराये जाने तथा उनके हैण्डओवर की कार्यवाही करने के निर्देश दिए है। उन्होंने विद्युत विभाग को विद्यालयों के ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइन का आंगणन प्राप्त कराये जाने के लिए कहा है। उन्होंने जर्जर भवनों की समीक्षा करते हुए मूल्यांकन समिति द्वारा ध्वस्तीकरण की कार्यवाही हेतु चिन्हित विद्यालयों में ध्वस्तीकरण की कार्यवाही पूर्ण कराये जाने तथा सत्र-2026-27 में मूल भवन व अतिरिक्त कक्षा की मांग राज्य परियोजना कार्यालय से किए जाने के लिए कहा है। उन्होंने जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी से एमआर की अतिरिक्त डोज के टीकाकरण कार्यक्रम को स्वास्थ्य विभाग से समन्वय कर सभी विद्यालयों में कराये जाने के लिए कहा है। इस अवसर पर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अनिल कुमार, सभी खण्ड शिक्षा अधिकारी व स्वास्थ्य व सम्बंधित कार्यदायी संस्था के अधिकारीगण उपस्थित रहे।
